खेल

FIFA World Cup 2026: बौलेम ने स्विट्जरलैंड की जीत की उम्मीदों पर फेरा पानी, इंजरी टाइम में गोल कर पलटा मैच का रुख

FIFA World Cup 2026, Qatar vs Switzerland: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कतर और स्विट्जरलैंड के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। स्विट्जरलैंड के लिए ब्रील एम्बोलो ने पेनल्टी पर गोल किया, जबकि स्टॉपेज टाइम में बौलेम खोउखी ने हेडर से कतर को बराबरी दिलाई।

2 min read
Jun 14, 2026
Qatar vs Switzerland
कतर बनाम स्विट्जरलैंड (फोटो- IANS)

Qatar vs Switzerland: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को कैलिफोर्निया में कतर और स्विट्जरलैंड के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। स्टॉपेज टाइम में बौलेम खोउखी द्वारा किए गए गोल की बदौलत कतर इस टूर्नामेंट में विदेशी धरती पर अपना पहला प्वाइंट हासिल करने में सफल रहा।

स्विट्जरलैंड ने की आक्रामक शुरुआत

मैच की शुरुआत से ही स्विट्जरलैंड ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। टीम को मैच के 17वें मिनट में बढ़त मिली, जब कतर के डिफेंडर महमूद अबुनाडा ने पेनल्टी बॉक्स के अंदर रेमो फ्र्यूलर को गिरा दिया। रेफरी ने तुरंत पेनल्टी दी और स्टार स्ट्राइकर Breel Embolo ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर स्विट्जरलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।

स्विट्जरलैंड ने बनाए कई मौके

पहले हाफ में स्विट्जरलैंड ने लगातार हमले किए और कई मौके बनाए। डैन नडोये ने कतर के डिफेंस को लगातार परेशान किया, जबकि मिशेल एबिशर भी गोल करने के बेहद करीब पहुंचे। हालांकि, कतर के खिलाड़ियों ने भी कुछ अच्छे काउंटर अटैक किए। एडमिल्सन जूनियर को शुरुआती मिनटों में बराबरी का शानदार मौका मिला, लेकिन उनके प्रयास को गोलकीपर ग्रेगर कोबेल ने विफल कर दिया। हाफ टाइम से पहले भी एडमिल्सन की एक और कोशिश को कोबेल ने नाकाम किया।

दूसरे हाफ में खेल की रफ्तार कुछ धीमी रही, लेकिन स्विट्जरलैंड लगातार बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। मैच के आखिरी चरण में जुआन वर्गास और Breel Embolo के पास स्कोर 2-0 करने के मौके आए, लेकिन दोनों खिलाड़ी उन्हें भुना नहीं सके। ये चूके हुए मौके स्विट्जरलैंड को अंत में महंगे साबित हुए।

जब लग रहा था कि स्विट्जरलैंड इस मुकाबले को आसानी से अपने नाम करने में सफल रहेगा, तभी इंजरी टाइम के चौथे मिनट में कतर ने शानदार वापसी की। होमम अहमद ने बाईं ओर से बेहतरीन क्रॉस दिया, जिस पर बौलेम खोउखी ने ऊंची छलांग लगाकर जोरदार हेडर लगाया। गेंद गोलकीपर कोबेल के ऊपर से निकलकर गोल पोस्ट में पहुंच गई और स्कोर 1-1 से बराबर हो गया।

कतर ने रचा इतिहास

इस गोल के साथ ही कतर ने वर्ल्ड कप में विदेशी जमीन पर अपना पहला अंक हासिल कर इतिहास रच दिया। स्विट्जरलैंड के लिए यह मैच निराशाजनक रहा, क्योंकि टीम पूरे मुकाबले में हावी रहने के बावजूद जीत दर्ज नहीं कर सकी। हालांकि, ड्रॉ पर खत्म हुए इस मुकाबले में स्विट्जरलैंड के अनुभवी खिलाड़ी Ricardo Rodríguez और Granit Xhaka ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। इन दोनों खिलाड़ियों ने फीफा वर्ल्ड कप में अपना 13वां मुकाबला खेला।

Published on:
14 Jun 2026 07:49 am