खेल

भारत को मिली नई शूटिंग सनसनी, मनु भाकर को पछाड़कर ईशा सिंह ने ISSF World Cup 2026 में जीता गोल्ड मेडल

Esha Singh Won Gold Medal in ISSF World Cup 2026: चीन के हांगझोउ में ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में युयुए झांग और डबल ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर को पछाड़कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
2 min read
Jul 27, 2026
New Shooting Sensation Esha Singh
ईशा ने वर्ल्डकप में जीता गोल्ड (फोटो- ISSF)

ISSF World Cup 2026: भारतीय निशानेबाजों का चीन के हांगझोउ में चल रहे आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। निशानेबाज ईशा सिंह ने सोमवार को विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और देश का नाम रोशन किया। वहीं, ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांस्य पदक जीता।

50 शॉट्स् में हासिल किए 40 अंक

ईशा सिंह ने फाइनल में शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया था। उन्होंने पूरे मुकाबले के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया और 50 शॉट्स में 40 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण पदक पर अपने नाम किया। ईशा सिंह ने मेजबान चीन की युयुए झांग को तीन अंकों के अंतर से पछाड़ा। झांग ने 37 अंक हासिल करते हुए रजत पदक जीता। चीन में चीन की ही विरोधी को हराकर स्वर्ण पदक जीतना निश्चित रूप से ईशा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

डबल शूटऑफ में जीतीं मनु भाकर

पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर ने भी अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा और मैच के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन दिखाते हुए कांस्य पदक जीता। मनु का कांस्य पदक के मुकाबले में उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक से मुकाबला हुआ। दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन डबल शूटऑफ में मनु भाकर ने बाजी मारते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

ईशा सिंह के स्वर्ण और मनु भाकर के कांस्य पदक के साथ आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारत के पदकों की कुल संख्या तीन हो गई है। इससे पहले, महिला निशानेबाज संयम ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। यह इस इवेंट में भारत का पहला पदक था।

पदक तालिका में दूसरे स्थान पर भारत

आईएसएसएफ वर्ल्ड कप की पदक तालिका में चीन पहले स्थान पर है। चीन अब तक 14 पदक जीत चुका है जिसमें छह स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारतीय टीम 3 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारतीय निशानेबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को और पदक मिलने की उम्मीद है।

आपको बता दें कि शूटिंग इवेंट को ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल नहीं किया गया है, जिसकी वजह से इस बार निशानेबाज प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहे हैं। इस इवेंट के जरिए देश के निशानेबाजों की एशियन गेम्स 2026 की तैयारी हो जाएगी।

Updated on:
27 Jul 2026 02:25 pm
Published on:
27 Jul 2026 02:25 pm