खेल

IND vs PAK: क्रिकेट की पिच पर टीम इंडिया हारी लेकिन हॉकी के मैदान पर दबदबा बरकरार, पाकिस्तान को 7-1 से रौंदा

India vs Pakistan Hockey Match: टीम इंडिया की पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 10 सालों से अजेय रहने का सिलसिला बरकरार है। FIH लीग के दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया है।
2 min read
Jun 27, 2026
Indian hockey team
भारतीय हॉकी टीम (फोटो- Hockey India)

IND vs PAK Hockey Match Highlights: शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम की हार से जो फैंस निराश थे, उन्हें हॉकी खिलाड़ियों ने जीत का तोहफा दिया। भारतीय हॉकी टीम ने लंदन में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर को एकतरफा मुकाबले में 7-1 से रौंद डाला। टीम इंडिया की लगातार यह दूसरी जीत है। इस जीत के बाद भारतीय टीम ने स्पेन को पछाड़कर अंक तालिका में 7वें स्थान पर जगह बना ली है।

जीत के बाद हॉकी इंडिया का ऐलान

हॉकी इंडिया ने शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, “दबदबा था, है और रहेगा। पेनल्टी कॉर्नर से गोल, एक पेनल्टी स्ट्रोक और फील्ड में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ ही यादगार जश्न। इस एफआईएच हॉकी प्रो लीग मुकाबले में वो सब कुछ था जो भारतीय हॉकी को खास बनाता है।"

हॉकी इंडिया ने आगे लिखा, "मेन इन ब्लू (भारतीय टीम) ने लंदन में पाकिस्तान को 7-1 से हराकर जबरदस्त प्रदर्शन किया, जिससे भारत का अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पर एक दशक पुराना जीत का सिलसिला अब 17 मैचों तक पहुंच गया है।” भारत ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सबसे शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने मुकाबले में बेहतरीन अटैक और मजबूत डिफेंस दिखाया।

भारत के सामने नहीं टिका पाकिस्तान

भारत ने मैच में पेनल्टी कॉर्नर, पेनल्टी स्ट्रोक और फील्ड गोल के जरिए कुल सात गोल किए। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही तेज खेल दिखाया और लगातार मैच पर पकड़ बनाए रखी। टीम ने ज्यादा समय तक गेंद पर कब्जा रखा और तेज पासिंग के जरिए बार-बार पाकिस्तान के डिफेंस पर दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ियों के लगातार हमलों का असर स्कोरबोर्ड पर साफ दिखा। वहीं, भारतीय डिफेंस भी मजबूत रहा और उन्होंने पाकिस्तान को सिर्फ एक गोल तक ही सीमित रखा।

इस जीत के साथ भारत का पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रिकॉर्ड बरकरार है। भारत पिछले 17 इंटरनेशनल हॉकी मैचों में पाकिस्तान से नहीं हारा है। यह सिलसिला लगभग एक दशक से जारी है। मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान ने शानदार अंदाज में की और 13वें मिनट में अबू महमूद ने पहला गोल दागा। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की और दूसरे और तीसरे क्वार्टर में गोलों की बारिश करते हुए पाकिस्तान के डिफेंस की पोल खोलकर रख दी। भारत के लिए सुखजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, हार्दिक, जुगराज सिंह , अभिषेक , राज कुमार पाल , और दिलप्रीत सिंह ने एक-एक गोल किया।

Published on:
27 Jun 2026 09:16 am