27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IRE vs IND 1st T20: आयरलैंड के खिलाफ कहां हुई चूक? कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताई हार की सबसे बड़ी वजह

IND vs IRE 1st T20 Highlights: भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ पहली बार हार झेलनी पड़ी। इससे पहले 8 बार दोनों टीमें आमने सामने हुई थीं और आठों बार टीम इंडिया को जीत मिली थी।
2 min read
Google source verification
Abhishek Sharma

अभिषेक शर्मा (फोटो-IANS)

IND vs IRE Belfast T20 Highlights: टी20 फॉर्मेट में श्रेयस अय्यर की कप्तानी की शुरुआत हार के साथ हुई है। भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ पहली बार टी20 मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। इस तरह उन्होंने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले शुभमन गिल, ऋषभ पंत और विराट कोहली की भी कप्तान के तौर पर हार के साथ शुरुआत हुई थी। बेलफास्ट में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 150 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और सिर्फ 148 रन पर ढेर हो गई।

अय्यर ने बताई कहां हुई चूक?

हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब आयरलैंड के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। शुरुआत में टीम को एक अच्छा मोमेंट मिला था, लेकिन उसके बाद हमने कुछ विकेट गंवा दिए। यही वजह रही कि अच्छी शुरुआत के बावजूद हम उसे आगे तक जारी नहीं रख पाए, जिसके कारण भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा।

इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए सिर्फ अभिषेक शर्मा (49) ही कुछ देर तक पिच पर डटकर अच्छी पारी खेल पाए। संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए। हालांकि शिवम दुबे ने 14 गेंदों में 25 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सका और पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई।

लगभग 3 साल बाद टी20 मुकाबला खेलने उतरे श्रेयस अय्यर ने इससे पहले अपना आखिरी टी20 मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 में खेला था। तब उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। उसके बाद से वह लगातार टी20 फॉर्मेट से बाहर रहे। इस दौरान भारतीय टीम ने 2024 और 2026 का टी20 वर्ल्डकप भी जीता। साल 2017 में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले श्रेयस अय्यर आज तक टी20 वर्ल्ड कप का एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं।

श्रेयस का रिकॉर्ड टी20 में शानदार

श्रेयस अय्यर ने अब तक 52 मुकाबले जरूर खेले हैं, जिनमें उन्होंने लगभग 30 की औसत से 1107 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतकीय पारियां भी खेली हैं, लेकिन उन्हें कभी भी टी20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका नहीं मिला। अब वह भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं और 2028 वर्ल्डकप तक टीम का प्रतिनिधित्व करते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा वह एशियन गेम्स और ओलंपिक में भी भारत के कप्तान होंगे।

टीम इंडिया को अगला मुकाबला 28 जून को खेलना है, जहां भारतीय टीम सीरीज में बराबरी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे से शुरू होगा, जिसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर लाइव देखा जा सकता है।