
IND vs ZIM 1st Women’s T20I: एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर मैदान पर उतरने को तैयार है। दरअसल, भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नेतृत्व स्मृति मंधाना करेंगी, जबकि जिम्बाब्वे की टीम की कमान जोसेफिन नकोमो के हाथों में होगी।
भारतीय टीम में अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर, सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय टीम मजबूत बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर मुकाबले में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम भी भारतीय चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
जिम्बाब्वे की टीम के लिए यह दौरा अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय परिस्थितियों में खेलने का अनुभव हासिल करने का अच्छा अवसर है। टीम भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर सीरीज को रोमांचक बनाने का प्रयास करेगी। इस सीरीज की खास बात यह है कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच यह पहली द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज है।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 16 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
दोनों टीमों के बीच होने वाले पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले का टॉस 16 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे होगा।
भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, दर्शक इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।
भारत की महिला टीम
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), क्रांति गौड़, ऋचा घोष (विकेट-कीपर बैटर), जिंतिमणि कलिता (विकेट-कीपर बैटर), जी कमालिनी, हरमनप्रीत कौर, मिन्नू मणि, निकी प्रसाद, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी।
जिम्बाब्वे महिला टीम
जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बेलव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, कुडजाई चिगोरा, न्याशा ग्वांजुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चिएद्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदाई मकुशा।