खेल

India vs South Korea: दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में पहुंची भारतीय महिला हॉकी टीम, एशियन गेम्स में मेडल पक्का

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस जीत के साथ भारत ने अपना मेडल पक्का कर लिया है।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Asian Games 2026 women's hockey semifinals
भारत बनाम दक्षिण कोरिया, एशियन गेम्स 2026 सेमीफाइनल।

Asian Games 2026 women's hockey semifinals: भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 2-0 से हराया और फाइनल में प्रवेश किया। अब भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना फाइनल में चीन से होगा। चीन ने पेनल्टी शूटआउट में जापान को 4-2 से हराया था।

पहला हाफ में रही कांटे की टक्कर

गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत गोल करने के कई मौकों को भुनाने में नाकाम रहा। खासकर पहले दो क्वार्टर में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पेनल्टी कॉर्नर के कई मौके गंवाए। हालांकि इस दौरान दोनों टीमें गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी।

दूसरे हाफ में भारत ने दागे दो गोल

भारतीय महिला हॉकी टीम ने दूसरे हाफ में जबरदस्त प्रदर्शन किया और दक्षिण कोरिया की रक्षापंक्ति को भेदने में सफलता हासिल की। तीसरे क्वार्टर में भारत का इंतजार खत्म हुआ। फॉरवर्ड इशिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर बनाई गई रणनीतिक चाल को नजदीक से गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिला दी। दक्षिण कोरिया पर बढ़त बनाने के बावजूद भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा।

चौथे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। कप्तान सलीमा टेटे के कटबैक पर गेंद कोरियाई डिफेंडर की स्टिक से लगकर गोल लाइन पार कर गई और भारत को 2-0 की बढ़त मिल गई। भारत ने एशियाई खेलों में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक आखिरी बार 1982 में जीता था।

भारतीय महिला हॉकी टीम का अजेय क्रम जारी

दक्षिण कोरिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले से पहले भी भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल चरण में शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम ने पूल चरण में उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया था। इसके बाद भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 3-1 और सिंगापुर को 7-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अब भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को फाइनल में चीन का सामना करेगी। भारतीय टीम स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल से चले आ रहे सूखे को समाप्त करना चाहेगी।

Updated on:
30 Sept 2026 06:45 pm
Published on:
30 Sept 2026 05:09 pm