PBKS vs LSG Highlights 2026: श्रेयस अय्यर के नाबाद शतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर IPL 2026 प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। इस जीत के साथ पंजाब पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, लेकिन उसकी किस्मत अब राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर निर्भर करेगी।
PBKS vs LSG IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हरा दिया है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब की जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने नाबाद शतक जड़कर टीम को आसान जीत दिलाई।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर कब्जा कर लिया है। टीम के अब 14 मैचों में 15 अंक हो गए हैं। हालांकि प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें अब राजस्थान रॉयल्स (RR) के अगले मुकाबले पर टिकी हुई हैं। अगर राजस्थान रॉयल्स मुंबई इंडियंस को हरा देती है, तो प्लेऑफ का आखिरी टिकट RR के खाते में जाएगा।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 20 रन तक अर्शिन कुलकर्णी और निकोलस पूरण के विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद जोश इंगलिस और आयुष बडोनी ने पारी संभाली। बडोनी ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि इंगलिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 रन की पारी खेली। कप्तान ऋषभ पंत ने 26 रन का योगदान दिया, जबकि अब्दुल समद ने 37 रन बनाए। LSG ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए।
पंजाब की ओर से मार्को जानसेन और युजवेंद्र चहल ने 2-2 विकेट लिए। अजमतुल्लाह उमरजई और शशांक सिंह को 1-1 सफलता मिली।
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत भी खराब रही और पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य आउट हो गए।
इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली ने पारी को संभाला। कोनोली के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन के साथ तीसरे विकेट के लिए 140 रन की बड़ी साझेदारी कर मैच पूरी तरह पंजाब की झोली में डाल दिया।
प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 69 रन बनाए, जबकि श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों पर नाबाद 101 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए।
अंत में सूर्यांश शेडगे ने 9 रन बनाकर अय्यर का साथ दिया और पंजाब ने 18 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के बाद पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं, लेकिन टीम की किस्मत अब राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर निर्भर करेगी। क्रिकेट फैंस की नजर अब इस अहम मैच पर टिकी हुई है जो प्लेऑफ की अंतिम तस्वीर साफ करेगा।