
PKL 2025 Anil Mohan Auction Prize: पहले दिन 10 करोड़पति और दूसरे दिन अनिल मोहन की रिकॉर्ड बोली प्रो कबड्डी 2025 ऑक्शन की सबसे ज्यादा चर्चा में रही। पहले दिन 10 खिलाड़ियों ने करोड़ का आकंड़ा पार किया तो दूसरे दिन सिद्धार्थ देसाई, रण सिंह और रोहित गुलिया जैसे दिग्गज खरीददार नहीं ढूंढ पाए। दूसरे दिन कैटेगरी C और D में खिलाड़ियों पर बोली लगी।
कैटेगरी सी ऑलराउंडर्स के लिए शानदार मौका साबित हुई, जहां नितिन रावल, गुरदीप और धीरेज को बड़ी बोलियाँ मिलीं। नितिन को जयपुर पिंक पैंथर्स ने ₹50 लाख में साइन किया, गुरदीप को पुनेरी पलटन ने ₹47.10 लाख में खरीदा और धीरेज बेंगलुरु बुल्स की जर्सी पहनेंगे, जिन्हें ₹40.20 लाख की बोली मिली। हालांकि इस श्रेणी की सबसे ऊंची बोली रेडर आकाश शिंदे के नाम रही, जो ₹53.10 लाख में बेंगलुरु बुल्स में शामिल हुए।
प्लेयर ऑक्शन की सबसे चौंकाने वाली बोली कैटेगरी डी में देखने को मिली, जब यू मुंबा ने हिमाचल प्रदेश के ऑलराउंडर अनिल मोहन को ₹78 लाख की रिकॉर्ड तोड़ बोली में साइन किया। खास बात यह है कि पीकेएल इतिहास में कैटेगरी डी की यह सबसे बड़ी बोली है। अनिल मोहन ने नीलामी के दूसरे दिन दोनों कैटेगरी में सबसे बड़ी बोली पाई। उनके बाद कैटेगरी डी में दूसरी सबसे बड़ी बोली उदय पार्टे को मिली, जिन्हें जयपुर पिंक पैंथर्स ने ₹50.10 लाख में साइन किया।