खेल

भगवा जर्सी पर छिड़ा सियासी घमासान, कांग्रेस के बाद पूर्व कप्तान वीरेन रासक्विन्हा ने भी उठाए सवाल; बोले- नीली जर्सी ही हमारी पहचान

Viren Rasquinha Orange Jersey Reaction: नई जर्सी लॉन्च करते समय हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया पर कहा कि इसका डिजाइन और रंग भारत की पहचान और गौरव को दर्शाते हैं।
2 min read
Jul 30, 2026
Hockey India New Jersey Color Change
भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदलने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया (Photo-X @mufaddal_vohra)

Indian Hockey Team Orange Jersey Controversy: भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से बदलकर भगवा होने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने कहा कि जर्सी बदली जाए या फिर शिक्षा नीति के जरिए इतिहास बदलने की कोशिश हो, देश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। वहीं अब इस पर पूर्व हॉकी कप्तान विरेन रासक्विन्हा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने जर्सी का रंग बदलने पर कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि हॉकी इंडिया ने इस बदलाव को लेकर किसी भी तरह के राजनीतिक पहलू से इनकार कर दिया है। 

बता दें कि हाल ही में हॉकी इंडिया ने अगले महीने होने वाले पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप के लिए नई ऑरेंज जर्सी लॉन्च की थी। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए वीरेन रासक्विन्हा ने इसकी तर्कसंगतता पर सवाल उठाए।

हॉकी इंडिया ने क्या कहा?

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हॉकी इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की जर्सी के रंग बदलने का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। 

उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं है। भगवा हमारे तिरंगे का हिस्सा है। फिर इसे पहली जर्सी बनाने में क्या गलत है? बदलाव हमेशा स्वागत योग्य होता है।

हॉकी इंडिया के अधिकारी ने यह भी दावा किया है कि नई भगवा जर्सी खिलाड़ियों की दृश्यता बेहतर करेगी। उनके मुताबिक, नीली जर्सी और नीले टर्फ का रंग काफी मिलता-जुलता होने के कारण दर्शकों को खिलाड़ियों को पहचानने में दिक्कत होती है।

उन्होंने कहा कि ब्लू टर्फ पर ब्लू जर्सी पहनने से खिलाड़ियों का कॉन्ट्रास्ट कम हो जाता है। ऑरेंज जर्सी से दर्शकों के लिए खिलाड़ियों को ट्रैक करना आसान होगा।

जर्सी के रंग को लेकर हॉकी इंडिया का तर्क

नई जर्सी लॉन्च करते समय हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया पर कहा कि इसका डिजाइन और रंग भारत की पहचान और गौरव को दर्शाते हैं।

संस्था के मुताबिक- भगवा रंग साहस, त्याग और विजय का प्रतीक है। यह भारतीय तिरंगे और उगते हुए सूर्य से प्रेरित है, जो नई शुरुआत का संदेश देता है। ऑरेंज जर्सी के अलावा भारतीय पुरुष और महिला टीमों को इसी डिजाइन की सफेद जर्सी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

वीरेन रासक्विन्हा ने क्यों जताई नाराजगी?

पूर्व कप्तान वीरेन रासक्विन्हा ने टीम की जर्सी का रंग बदलने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की पहचान और विरासत हमेशा से नीली जर्सी रही है। 

उन्होंने कहा कि मैंने कई वर्षों तक गर्व के साथ ब्लू जर्सी पहनी है। प्रशंसक भी भारतीय टीम को नीली जर्सी में देखना चाहते हैं। आखिर ऑरेंज जर्सी का तर्क क्या है? मेरा मुद्दा सिर्फ भारतीय हॉकी टीम की पहचान, गर्व और विरासत से जुड़ा है।

Updated on:
30 Jul 2026 05:43 pm
Published on:
30 Jul 2026 05:43 pm