
India's First Ever Gold Medal in Para Athletics: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सोमवार भारत ने दूसरा गोल्ड मेडल जीत लिया। भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला धनकड़ ने महिला शॉट पुट F57 वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके साथ ही वह देश की पहली एथलिट बन गई, जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड जीता हो। भारत ने महिला शॉट पुट F57 स्पर्धा में एक स्वर्ण के साथ एक कांस्य पदक भी जीता, जबकि पुरुष हाई जंप और पुरुष 79 किग्रा भारोत्तोलन में एक-एक रजत पदक हासिल किया। इसके साथ ही भारत कुल 10 पदकों (2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य) के साथ पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।
भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला धनकड़ ने महिला शॉट पुट F57 वर्ग के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने छह प्रयासों में क्रमशः 9.48, 9.58, 9.81, 9.17, 9.37 और 9.60 मीटर का प्रदर्शन किया। तीसरे प्रयास में हासिल 9.81 मीटर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपना सीजन बेस्ट भी दर्ज किया।
घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता। उनके छह प्रयास 8.65, 8.37, 8.60, 7.98, 8.24 और 8.09 मीटर रहे। यह उनका भी सीजन बेस्ट प्रदर्शन रहा। वहीं, भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने 6.69, 6.95, 7.26, 6.91 और 7.09 मीटर के प्रयास किए, जबकि उनका छठा प्रयास अमान्य रहा। इसके बावजूद 7.26 मीटर का प्रदर्शन उनके करियर का पर्सनल बेस्ट साबित हुआ।
दूसरी ओर, भारतीय हाई जंप खिलाड़ी सर्वेश अनिल कुशारे ने फाइनल में 2.25 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। वह बेहद करीबी मुकाबले में जमैका के रोमेन बेकफोर्ड से स्वर्ण पदक चूक गए। दोनों खिलाड़ियों ने 2.25 मीटर की समान ऊंचाई पार की, लेकिन प्रयासों की संख्या (काउंटबैक) के आधार पर फैसला हुआ, जिसमें बेकफोर्ड को बढ़त मिली। इंग्लैंड के किमानी जैक ने 2.20 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि भारत के आदर्श राम ज्योति शंकर 2.15 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
वहीं, पुरुषों की 79 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के वल्लूरी अजय बाबू ने रजत पदक अपने नाम किया। अजय बाबू ने कुल 330 किग्रा वजन (149 किग्रा स्नैच - गेम्स रिकॉर्ड और 181 किग्रा क्लीन एंड जर्क) उठाया। मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने कुल 331 किग्रा (गेम्स रिकॉर्ड) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 147 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 184 किग्रा भार उठाया। इंग्लैंड के क्रिस मरे ने कुल 325 किग्रा (148 किग्रा स्नैच + 177 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।