खेल

सांसे रोक देने वाले मुकाबले में यू मुंबा ने गुजरात जांयट्स को हराया, 2 दिन में खेला गया दूसरा शूटआउट

सीजन-12 में पहली बार शूटआउट को लीग स्तर पर ही लागू किया गया है। पहले प्लेआफ स्तर पर ही शूटआउट मुकाबले हुआ करते थे। इसका मकसद मुकाबलों को निर्णायक और अंक तालिका को सरल बनाना है। 29-29 की बराबरी के बाद हुए शूटआउट में मुंबा ने बाजी मारी।

3 min read
Aug 31, 2025
यू मुंबा ने शूटआउट में गुजरात जायंट्स को हराया (फोटो- Pro Kabaddi)

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन के दूसरे दिन खेले गए दूसरे शूटआउट मुकाबले में यू मुंबा ने गुजरात जायंट्स को 6-5 से हरा दिया। निर्धारित समय की समाप्ति तक दोनों टीमें 29-29 की बराबरी पर थीं। सीजन के पहले दिन खेले गए शूटआउट मुकाबले में पुनेरी पलटन ने बेंगलुरू बुल्स को हराया था।

सीजन-12 में पहली बार शूटआउट को लीग स्तर पर ही लागू किया गया है। पहले प्लेआफ स्तर पर ही शूटआउट मुकाबले हुआ करते थे। इसका मकसद मुकाबलों को निर्णायक और अंक तालिका को सरल बनाना है। 29-29 की बराबरी के बाद हुए शूटआउट में मुंबा ने बाजी मारी।

ये भी पढ़ें

शाई होप जिंदगी भर नहीं भुला पाएंगे अपनी ये गलती, कुछ इस तरह अजीबोगरीब तरीके से हुए आउट, देखें Video

ऐसे निकला शूटआउट का नतीजा

हरीश कामची ने पहली रेड पर गुजरात को एक अंक दिलाया लेकिन अजीत चौहान ने दो अंक के साथ मुंबा को 2-1 से आगे कर दिया। फिर गुजरात के लिए राकेश रेड पर आए लेकिन जफर ने अंक लुटा दिए। स्कोर 2-2 हो गया था। इसके बाद जफर ने हालांकि अपनी रेड पर शादलू को निशाना बनाकर मुंबा को 3-2 से आगे कर दिया। फिर हिमांशु सिंह ने स्कोर 3-3 कर दिया। अब मुंबा के लिए अनिल रेड पर आए और बोनस के साथ स्कोर 4-3 कर दिया। अगली रेड पर हिमांशु जगलान को लपक मुंबा ने 5-3 की लीड ले ली।

मुंबा के लिए रोहित अगली रेड पर आए लेकिन वह लपक लिए गए। स्कोर अब 4-5 हो गया था। गुजरात के लिए अंतिम रेड शादलू की थी। कप्तान सुनील एक अंक देने को तैयार थे लेकिन शादलू दो अंक लेना चाहता था। इस क्रम में वह आउट हो गए। इस तरह मुंबा ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले, अपना पहला मैच खेल रही दोनों टीमों ने सावधान शुरुआत की। चार मिनट की समाप्ति तक स्कोर 3-3 था। गुजरात की टीम थोड़ा बेहतर कर रही थी क्योंकि पांच मिनट बीतते-बीतते उसने मुंबा को सुपर टैकल सिचुएशन में ला दिया। मुंबा ने हालांकि इस स्थिति का फायदा उठाया और दो अंक के साथ लीड ले ली। 10 मिनट के बाद मुंबा 7-6 से आगे थे।

ब्रेक के बाद स्कोर 7-7 हुआ। मुंबा पर आलआउट का खतरा था लेकिन अजीत चौहान ने मल्टीप्वाइंटर के साथ एक रिवाइवल लेकर इले टाल दिया। हालांकि मुंबा जल्द ही आलआउट हुए और गुजरात ने 12-10 की लीड ले ली। आलइन के बाद हिमांशु ने सुनील और परवेश को बाहर कर मुंबा को तगड़ा झटका दिया। 15 मिनट बाद गुजरात 14-11 से आगे थे।

गुजरात ने अपने छठे टैकल प्वाइंट के साथ फासला 5 का किया। मुंबा के लिए फिर सुपर टैकल आन था। लोकेश ने अहम मुकाम पर शादलू के लपक न सिर्फ आलआउट टाला बल्कि स्कोर 14-16 कर दिया। इसके बाद मुंबा ने एक और अंक लेते हुए हाफ टाइम तक स्कोर 15-16 कर दिया। हाफटाइम के बाद हालांकि मुंबा ने स्कोर बराबर कर लिया लेकिन गुजरात ने लगातार दो अंक के साथ लीड फिर 2 की कर ली। कोई भी टीम जोखिम नहीं लेना चाह रही थी। यही कारण था कि मैच डू ओर डाई पर चल रहा था। इस बीच शादलू ने परवेश को आउट करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया।

गुजरात ने हालांकि एक बार फिर पकड़ मजबूत करते हुए फासला 3 का कर लिया। अब मुंबा के लिए सुपर टैकल आन था। मैच अब भी डू ओर डाई पर चल रहा था और अहम मुकाम पर रोहित ने राकेश का सुपर टैकल कर 30 मिनट के बाद स्कोर 21-23 कर दिया। ब्रेक के बाद राकेश ने डू ओर डाई रेड पर लोकेश का शिकार कर मुंबा को आलआउट की ओर ढकेल दिया। अनिल ने हालांकि शुभम को छकाकर एक रिवाइवल ले लिया। फासला 2 का था। मुंबा ने हालांकि एक और सुपर टैकल के साथ 25-24 की लीड ले ली। अनिल ने एक बार फिर कमाल कर शादलू को आउट कर लीड 2 की कर दी।

पांच मिनट पहले मुंबा 3 अंक से आगे थे और 3 मिनट बाकी रहते तीन अंक से आगे थे। अब गुजरात के लिए सुपर टैकल आन था। हिमांशु ने अहम मुकाम पर सुपर रेड के साथ स्कोर 27-27 कर दिया। फिर हिमांशु ने डू ओर डाई रेड पर अनिल को लपक गुजरात को 1 अंक की लीड दिला दी। मुंबा के लिए सुपर टैकल आन था और रोहित ने हिमांशु सिंह को सुपर टैकल कर मुंबा को 29-28 की लीड दिला दी। शादलू ने हालांकि डू ओर डाई रेड पर रोहित को आउट कर मैच को शूटआउट की ओर धकेल दिया।

Published on:
31 Aug 2025 03:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर