
श्रीगंगानगर.
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से रविवार को राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 2017 राज्यभर में एक साथ दो पारियों में करवाई जाएगी। इसमें श्रीगंगानगर जिले में 31 हजार 552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रीट जिले में श्रीगंगानगर मुख्यालय के 48 और सूरतगढ़ के 13 केंद्रों पर होगी। श्रीगंगानगर में दो पारी और सूरतगढ़ में एक पारी में ही रीट होगी। संवदेनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीसीटी से नजर रखी जा रही है। वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। वीक्षक और पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। वहीं, बोर्ड प्रतिनिधि पवन चंचल व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए हैं। रीट के पेपर जिलाकोष कार्यालय में रखवाए गए हैं।
ये भी जरूरी
परीक्षा कक्षा में प्रवेश पत्र, काला या नीला पेन, मान्य पहचान पत्र एवं इसकी स्व-प्रमाणित फोटो प्रति के अतिरिक्त अन्य कोई वस्तु लाना पूर्णत: वर्जित है। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, लेक्ट्रोनिक उपकरण, घड़ी, चैन, कान के टॉप्स, हैंडबैग और डायरी आदि नहीं लानी है।
वीडियोग्राफी भी होगी
श्रीगंगानगर में एक अति-संवेदनशील और पांच संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिह्नित किए गए हैं। सूरतगढ़ में एक अति संवदेनशील और एक संवेदनशील परीक्षा केंद्र चुना गया हैं।
परीक्षा केंद्र बनाए
श्रीगंगानगर 48
सूरतगढ़ 13
पारी प्रथम- लेवल द्वितीय परीक्षा
सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे।
विद्यार्थी शामिल होंगे : 26 हजार 747 लेवल
पारी द्वितीय- लेवल प्रथम परीक्षा
दोपहर 2.30 से पांच बजे।
विद्यार्थी शामिल होंगे : 4776
जिले में कुल विद्यार्थी : 31 हजार 552
पर्यवेक्षक लगाए-61
वीक्षक लगाए- 2758
पहली पारी में होगी रीट
48 परीक्षा केंद्रों पर
श्रीगंगानगर में दूसरी पारी में परीक्षा होगी
06 परीक्षा केंद्रों पर
सूरतगढ़ में प्रथम पारी में ही होगी परीक्षा-
13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो
परीक्षा के मद्देनजर शनिवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से वीसी हुई। इसमें कलक्टर ज्ञानाराम, पुलिस अधीक्षक हरेंद्र महावर, एडीएम प्रशासन नख्तदान बारहठ, बोर्ड प्रतिनिधि व डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय प्रचार्य डॉ. रामसिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक तेजा सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रांरभिक हरचंद गोस्वामी आदि शामिल हुए। कलक्टर ने कहा कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर पुलिस और होमगार्ड के दो-दो जवान तैनात रहेंगे।
परीक्षार्थियों के लिए जरूरी
परीक्षार्थी को बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त मूल आईडी यथा आधार कार्ड, चुनाव पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पेन कार्ड, फोटो युक्त बैंक पासबुक, पासपोर्ट इत्यादि स्वहस्ताक्षरित पहचान पत्र की फोटो प्रति लाना अनिवार्य होगा।
15 दस्ते गठित
परीक्षार्थी के पास किसी भी प्रकार की सामग्री पाए जाने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 1992 के तहत दंडनीय कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए विभाग ने चार परीक्षा केंद्रों पर एक-एक उडऩदस्ता गठित किया है। श्रीगंगानगर और सूरतगढ़ में नकल आदि की रोकथाम के लिए 15 उडऩदस्ते बनाए गए हैं। उडऩदस्ते में पुलिस, शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे।
नहीं मिलेगा अवकाश
राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर, उसके समस्त कार्यालय तथा रीट 2017 से संबंधित सभी सेवाओं को 14 फरवरी तक अत्यावश्यक सेवा घोषित कर दिया है। इस दौरान किसी भी कार्मिक को अवकाश नहीं मिल पाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने भी इस संबंध में बीईईओ को पाबंद किया है।
नियंत्रण कक्ष स्थापति
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने रीट के लिए जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसका फोन नंबर 0154- 2451970, 2440988 है।