
श्रीकरणपुर. स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी का निधन होने पर मतदान स्थगित कर दिया गया था लेकिन अन्य विधानसभा क्षेत्रों के निवासी कार्मिकों के लिए डाक मतपत्र के जरिए मतदान किया। पांच दिन तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद सभी 254 डाक मतपत्र शनिवार को एक बक्से में सील करने के बाद कड़ी सुरक्षा में जिला मुख्यालय भेजे गए।
चुनाव शाखा से मिली जानकारी अनुसार स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में कुल 283 कार्मिकों ने डाक मतपत्र के लिए आवेदन किया था। इनके लिए 18 से 23 नवंबर के मध्य पंचायत समिति सभागार में सुविधा केंद्र का संचालन किया गया। वहां स्थानीय कार्मिकों की टीम ने डाक मतपत्र प्रक्रिया पूरी कराई। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी व एसडीएम सुभाषचंद्र चौधरी ने बताया कि 283 में से 254 कार्मिकों ने डाक मतपत्र के जरिए खुद से संबंधित विधानसभा क्षेत्र का मतदान किया। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार जगदीश कुमार की देखरेख में शनिवार को ये सभी डाक मतपत्र एक बक्से में सील करने के बाद कड़ी सुरक्षा में जिला मुख्यालय पर बने डाक मतपत्र प्रकोष्ठ में भेजे गए। इसकी सुरक्षित पहुंच के लिए पदमपुर तहसीलदार पूनम कंवर, केसरीसिंहपुर के नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी, एसआइ बेगराज मीणा व तमिलनाडु पुलिस के दो सिपाहियों की टीम को यह दायित्व सौंपा गया। डाक मतपत्रों को सील करने से भिजवाने तक की पूरी प्रक्रिया में वीडियोग्राफी भी करवाई गई।