
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रूप सिंह (पत्रिका फोटो)
रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर): नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) चौकी श्रीगंगानगर की टीम ने समेजा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 102 ग्राम हेरोइन बरामद कर पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपए है। आरोपी यह खेप पंजाब से लेकर अनूपगढ़ में किसी व्यक्ति को डिलीवरी देने जा रहा था।
पुलिस के अनुसार एएनटीएफ चौकी श्रीगंगानगर की टीम को नशे की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने समेजा पुलिस के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-911 (NH-911) पर गांव सलेमपुरा के नजदीक निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध रूप से जा रहे एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूप सिंह पुत्र बलवीर सिंह, निवासी बामनवाला, जलालाबाद, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पंजाब से हेरोइन लेकर अनूपगढ़ में डिलीवरी देने जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे अनूपगढ़ में किसे सौंपा जाना था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसके चलते पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, संपर्कों और नशा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। समेजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सूरतगढ़ सिटी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास एक होटल पर दबिश देकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 930 ग्राम अफीम बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिटी थाने के एसआई विजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल ने कार्रवाई करते हुए डाबलीसर, बाड़मेर निवासी हरीश (26) पुत्र देवाराम तथा बागथल रातड़िया, जैसलमेर निवासी रविंद्र (26) पुत्र तंग सिंह को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 930 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच सदर थाने के एसआई ओमप्रकाश मान कर रहे हैं।
Updated on:
05 Oct 2026 09:53 pm
Published on:
05 Oct 2026 09:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
