
Sri Ganganagar: मृतका रवीना और कार्तिक (फाइल फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। रावलामंडी क्षेत्र में सखी बॉर्डर के नजदीक चक 9 एसकेएम में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में बनी पानी की डिग्गी में गिरने से महिला रवीना और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे कार्तिक की डूबने से मौत हो गई। इसी दौरान डिग्गी में गिरी सात वर्षीय बेटी मीनाक्षी की जान उसके चाचा राधेश्याम ने ग्रामीणों की मदद से बचा ली। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने मां-बेटे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार हादसा बजरंग लाल पुत्र जगदीश पूनिया के घर में दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रवीना अपने दोनों बच्चों कार्तिक और मीनाक्षी के साथ घर पर थी। इसी दौरान तीनों घर में बनी पानी की डिग्गी में गिर गए। हादसे के बाद सात वर्षीय मीनाक्षी ने शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
रवीना के देवर राधेश्याम ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो मीनाक्षी पानी के ऊपर तैर रही थी। उन्होंने तत्काल बच्ची को डिग्गी से बाहर निकाला। इसके बाद मीनाक्षी ने बताया कि उसकी मां रवीना और छोटा भाई कार्तिक भी पानी में गिर गए हैं। इस पर परिजनों और ग्रामीणों ने डिग्गी में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
परिजनों ने दोनों को गांव के चिकित्सक के पास पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राधेश्याम के अनुसार मीनाक्षी की फ्रॉक में हवा भर जाने के कारण वह पानी के ऊपर तैरती रही और इसी वजह से उसकी जान बच गई। हादसे के समय घर में सो रही बड़ी बेटी देवांशी सुरक्षित बच गई।
परिजनों के अनुसार रवीना और बजरंग लाल ने वर्ष 2018 में प्रेम विवाह किया था। रवीना का पीहर ग्राम पंचायत 8 केवाईडी के चक 11 केवाईडी में बताया गया है। परिवार में किसी बात को लेकर गृहक्लेश की बात भी सामने आई है, हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सूचना मिलने पर रावला पुलिस मौके पर पहुंची और मां-बेटे के शवों को कब्जे में लेकर रावला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार रवीना के पीहर पक्ष के पहुंचने के बाद बुधवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
06 Oct 2026 09:55 pm
Published on:
06 Oct 2026 09:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
