श्री गंगानगर

राजस्थान की साधुवाली छावनी में सैनिक की संदिग्ध हालात में मौत, अपने क्वार्टर के बाथरूम में बेहोश मिले

श्रीगंगानगर की साधुवाली छावनी में सैनिक अरविंद सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह बाथरूम में बेहोश मिले। अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Ambala Soldier Dies in Sriganganagar Cantonment Found Unconscious in Bathroom Probe Underway
साधुवाली छावनी एरिया (फोटो सोशल मीडिया)

श्रीगंगानगर: साधुवाली छावनी में एक सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में जवाहरनगर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 21वीं सिख रेजीमेंट के सूबेदार अमरीक सिंह की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गई है। इसमें सूबेदार ने बताया कि रेजीमेंट का 31 वर्षीय सिपाही अरविंद सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह 10 अप्रेल की रात अपने क्वार्टर के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले थे।

तुरंत आर्मी अस्पताल पहुंचाया

साथी जवानों की मदद से उन्हें तुरंत आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

अंबाला के थे निवासी

जांच अधिकारी एएसआई सूरजभान के अनुसार, मृतक मूल रूप से अंबाला के निवासी थे। सूचना पर परिजनों को बुलाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच अधिकारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने और मृतक के साथी सैनिकों के बयानों के आधार पर जांच की दिशा तय की जाएगी।

सड़क हादसों की रफ्तार तेज, दंपती समेत छह घायल

श्रीगंगानगर इलाके में पिछले चौबीस घंटे के दौरान हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दंपती सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए संबंधित सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, पतरोड़ा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में घड़साना निवासी हरीश और उसकी पत्नी रेखा घायल हो गए। वहीं, गांव 20 बीबी के पास बाइक सवार शानू को अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

इसी तरह केसरीसिंहपुर क्षेत्र के गांव 3वीं के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आने से गांव 10 क्यू निवासी गुरदीप सिंह घायल हो गया। चक 11 जैड के पास हुए हादसे में गांव 2 ई छोटी निवासी हंसराज भी घायल हो गया।

उधर, सूरतगढ़ रोड पर स्कूटी और बाइक की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पहचान गणेशगढ़ निवासी चाननराम और चक 7 टीकेडब्ल्यू निवासी राहुल के रूप में हुई है।

Updated on:
13 Apr 2026 09:21 am
Published on:
13 Apr 2026 09:20 am