श्री गंगानगर

बारात लूटने की कोशिश के आरोपी गिरफ्तार

केन्द्रीय कृषि राज्य फार्म जैतसर में मंगलवार रात को हुई थी वारदात, एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्यवाही  
3 min read
Crime

जैतसर.

स्थानीय पुलिस थाना क्षेत्र में केन्द्रीय कृषि राज्य फार्म जैतसर व गांव मसानीवाला के बीच मंगलवार रात को अवैध हथियारों की नोक पर बारात को रोककर लूटपाट करने की कोशिश करने के मामले में बुधवार सुबह ही जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर गठित टीम ने कार्यवाही करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें से एक युवक के नाबालिग होने के कारण उसे निरुद्ध रखा गया है। वहीं आरोपितों के पास से एक अवैध टोपीदार बंदूक व कारतुस भी बरामद हुए है।

जिसके बाद गिरफ्तार किये गये आरोपितों से बुधवार को दिनभर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। थानाधिकारी विजय सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले के गांव पक्का सहारणा निवासी इन्द्राज कुम्हार मंगलवार को अपने पुत्र जगदीश की बारात लेकर केन्द्रीय कृषि राज्य फार्म होते हुए गांव सात बीएलडी गया था। रात को करीब सवा आठ बजे विवाह कार्य संपन्न कर वापिस लौटते समय गांव मसानीवाला एवं केन्द्रीय कृषि राज्य फार्म क्षेत्र में तीन युवकों ने दो मोटरसाईकिल पर बारात के आगे चल रही दुल्हे की गाड़ी का करीब दो-तीन किलोमीटर तक पीछा कर दुल्हे जगदीलश की गाड़ी को घेर लिया एवं हवाई फायर करने प्रारंभ कर दिये।

जिससे बाराती घबरा उठे। इसी बीच दुल्हे जगदीश ने पीछे आ रही गाडिय़ों में सवार परिजनों को फोन कर दिया तो अन्य बाराती एवं हवाई फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर आ गये। जिसके कारण लूटेरों को वारदात को अंजाम देने में कामयाबी नहीं मिली। वहीं ग्रामीणों के पहुंचने पर दो युवक मौके पर से फरार हो गये जबकि एक युवक लाभ सिंह बावरी पुत्र महेन्द्र सिंह बावरी निवासी ४० एनपी को ग्रामीणों ने टोपीदार बंदूक के साथ पकड़ लिया एवं पुलिस के सुपूर्द कर दिया।

वहीं पुलिस दल ने बुधवार सुबह अन्य दो सहयोगी मूल रुप से बिहार के रहने वाले दिनेश कुमार उर्फ दीनू पुत्र उदल सिंह धोबी निवासी मसानीवाला व काशी नायक निवासी एक जेकेएम को फार्म क्षेत्र में इनके छिपने के लिए बने हुए ठिकानों पर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपितों के खिलाफ बारात को रोककर लूटपाट करने, अवैध हथियार रखने एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

बारात जाते देख ही बना ली थी लूट की योजना

बंदूक की नोक पर बारात लूटने की कोशिश करने के आरोप में पकड़े गये तीनों युवकों से पूछताछ करने पर प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मंगलवार दोपहर को करीब १२ बजे बारात एवं दुल्हे की गाड़ी फार्म क्षेत्र से निकली तो तीनों ने बारात के वापिस लौटने पर उसे लूटने की योजना तैयार की। पकड़े गये युवकों ने सडक़मार्ग से थोड़ा छिपकर एक मचान बना लिया जिससे बारात की गाडिय़ां वापसी लौटते समय दिखायी दे जाये।

आरोपितों ने टोपीदार बंदूक व दो मोटरसाईकिल भी अपने पास तैयार रखे। शाम को करीब आठ बजे दुल्हे की गाड़ी वापिस आते देख तीनों युवकों ने दो मोटरसाईकिल पर दुल्हे की गाड़ी का पीछा करना प्रारंभ कर दिया। करीब दो-तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सुनसान इलाका देख लूटेरों ने दुल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर मोटरसाईकिल को गाड़ी के आगे लगा दिया। जिसके बाद दुल्हे की गाड़ी रुकी तो आरोपित लाभ सिंह ने एक हवाई फायर कर दुल्हे की गाड़ी का दरवाजा खुलवाया। इसी बीच पीछे से अन्य गाडिय़ां व हवाई फायर की आवाज सुनकर ग्रामीण मौैके पर पहुंच गये एवं लूटेरे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।

दुल्हे की सजगता आयी काम-

बारात लूट का शिकार बनते-बनते बचे दुल्हे जगदीश कुमार ने बताया कि उसने गाड़ी के शीशे में जब दो मोटरसाईकिल को लगातार गाड़ी का पीछा करते देखा एवं उनमें से एक के पास बंदूक जैसा कोई हथियार देखा तो उसने तुरंत ही पीछे की गाड़ी में आ रहे पिता एवं परिजनों को फोन कर दिया। जिससे वे अविलंब उनके पास पहुंच गये अन्यथा लूटेरे किसी भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। दुल्हे की गाड़ी में घटना के दौैरान दुल्हन एवं स्वर्णाभूषण भी थे।

Published on:
08 Feb 2018 09:48 am
Also Read
View All