श्री गंगानगर

Rajasthan: शादी के बाद नहीं लौटी घरवालों से मिलने गई दुल्हन, ससुराल लेने पहुंचा दूल्हा तो की मारपीट, 2 आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan News: श्रीगंगानगर में दुल्हन को लेने पहुंचे बाड़मेर निवासी दूल्हे और उसके साथियों को कथित रूप से बंधक बनाकर मारपीट की गई और नकदी-मोबाइल और जेवर छीन लिए। मामले में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी और फिरौती के आरोप में 1 महिला समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Shaadi
AI जनरेटेड फोटो

Bride Arrested For Extortion: श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में शादी कराने के नाम पर कथित ठगी, बंधक बनाकर मारपीट और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। बाड़मेर निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पर पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में महिला समेत 2 जनों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की जांच कर रहे SI दरिया सिंह ने बताया कि बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र निवासी 42 साल के धन्नाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 22 मई 2026 को पुरानी आबादी गुरूनगर में कविता (21) पुत्री जेमस मसीह निवासी फाजुल चक नौशेरा, गुरदासपुर (पंजाब) से उसकी शादी में हुई। शादी के एवज में उससे 4 लाख रुपए नकद लिए गए थे। लगभग 15 दिन बाद कविता अपने परिजनों से मिलने की बात कहकर बाड़मेर से वापस यहां गुरूनगर लौट गई।

करीब 10 दिन बाद धन्ना राम उसे वापस लेने आया तो कविता को भेजने से मना कर दिया। इसके बाद 8 जुलाई को कामो ने धन्ना राम को श्रीगंगानगर बुलाया। 9 जुलाई को दोपहर दो बजे धन्ना राम अपने साथियों हनुमान राम (45), हनुमान राम (50) और युवक मनोज कुमार (28) के साथ श्रीगंगानगर पहुंचा। उन्हें गुरूनगर स्थित उसी घर में बुलाया जहां कर्मजीत कौर, सोनू, कुलदीप, गोरा आदि मिले। कविता को भेजने के नाम पर 50 हजार रुपए नकद ले लिए गए। शिकायत के अनुसार, जब वे जाने लगे तो चारों को शाम सात बजे बंधक बना लिया गया। उनसे दो मोबाइल फोन और दो सोने की अंगूठियां छीन ली गईं।

बंधक बनाकर 7 लाख रुपए मांगे

आरोपियों ने पंद्रह से बीस अन्य युवकों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की और सात लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। हनुमान राम और एक अन्य युवक को पैसे लाने के लिए बाहर भेज दिया गया, जबकि धन्ना राम और मनोज कुमार को अगले दिन दोपहर पांच बजे तक घर के अंदर बंधक बनाकर बार-बार मारपीट की गई और बंदूक और चाकू दिखाकर धमकियां दी।

पैसे की व्यवस्था न होने पर आरोपियों ने धन्ना राम को सूरतगढ़ बाईपास पर और मनोज कुमार को करणपुर चुंगी के पास चलती बाइक से गिरा दिया। धन्ना राम ने बाद में साथियों को ढूंढ़ा और थाना पुरानी आबादी में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस की मदद से खुला ये खेल

जांच अधिकारी ने बताया कि बाड़मेर से आए पीड़ित धन्नाराम के साथ चार जनों को आरोपियों ने बंधक बना लिया था। इसमें दो जनों को बाड़मेर से सात लाख रुपए मंगवाने के लिए आरोपियों के साथ सूरतगढ़ बाइपास तक भेज दिया। इसमें एक युवक ने किसी तरह पुलिस थाने पहुंचा तो पूरा घटनाक्रम का खुलासा किया। जब आरोपियों को भनक लगी तब गुरुनगर में बंधक बने पीड़ित व उसके साथी को छोड़ दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले में बिचौलिए की भूमिका निभाने वाली महिला चालीस वर्षीय कर्मजीत कौर पत्नी विजय सिंह मजबी सिख को गिरफ्तार किया है।

यह महिला मूल रूप से 18 जैड की रहने वाली है और यहां गुरुनगर में रहती है। इसी प्रकार दूसरे आरोपी पदमपुर क्षेत्र गांव 4 बीबी निवासी विजय सिंह को गिरफ्तार किया। इन दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी महिला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया जबकि आरोपी विजय सिंह को एक दिन का पुलिस रिमांड दिया है।

Updated on:
13 Jul 2026 01:18 pm
Published on:
13 Jul 2026 01:16 pm