जिला सोमवार को तीसरे दिन भी कोहरे के आगोश में रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
श्रीगंगानगर.
जिला सोमवार को तीसरे दिन भी कोहरे के आगोश में रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कोहरे का सर्वाधिक असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ा है। इससे यात्रियों को कई घंटे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर गुजारने पड़ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन में मौसम साफ होने के आसार हैं।
क्षेत्र में रविवार रात दस बजते ही कोहरा छाने लगा था। रात गहराने के साथ ही यह घना होता गया। सोमवार सुबह छह बजे बाद तो तीन-चार फीट पर भी कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसके चलते मुख्य मार्गों पर चलने वाले वाहन दिन में हेड लाइट जलाकर धीमी गति से चले। कोहरे का असर दोपहर 12 बजे तक रहा।
कोहरे के साथ-साथ तापमान में गिरावट आने से आम दिनचर्या में बदलाव देखा गया। लोग स्वेटर, कंबल, लोई आदि का इस्तेमाल करने लगे हैं। घरों में सुबह-शाम पंखे चलने बंद हो गए हैं।
दिन का तापमान और गिरा
पिछले तीन दिन से दिन के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को सुबह 11.30 बजे तापमान महज 19 डिग्री सेल्सियस था जबकि रविवार को 19.8 और शनिवार 20 डिग्री सेल्सियस था। पिछले तीन दिन में सोमवार को सर्वाधिक ठंडा दिन रहा। हालांकि दोपहर एक बजे धूप निकलने से अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बाजार खुलने लगा देरी से
घना कोहरा छाने से तीन दिन से बाजार देरी से खुलने लगा है। ग्राहक भी दोपहर तक ही पहुंचते हैं। हालांकि ऊनी वस्त्रों की बिक्री कुछ बढ़ी है। सर्दी में इस्तेमाल करने वाली वस्तुओं की बिक्री में भी अपेक्षाकृत तेजी आई है।
बड़ी मात्रा में पराली जलाने से बदला मौसम
पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में बड़ी मात्रा में पराली जलाने से श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिलों में यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उधर से चलने वाली हवा इसे फैलाने का काम कर रही है।
जल्द परिवर्तित हो सकता है मौसम
एक-दो दिन में ही मौसम में परिवर्तन फिर देखने को मिल सकता है। हवा की गति कम होते ही श्रीगंगानगर क्षेत्र में आसमान साफ हो जाएगा। इससे रात को तापमान गिरने से सर्दी बढ़ेगी परन्तु दिन का तापमान बढ़ जाएगा।
-एमएल रिणवा, प्रभारी, मौसम विज्ञान केन्द्र, श्रीगंगानगर