
श्रीगंगानगर.
थोड़ा तो मिल गया है और अब पूरे का इंतजार है। रात को पेट्रोलियम पदार्थ नहीं मिलने से परेशान शहर के लोगों के लिए राहतभरी खबर यह है कि शहरी क्षेत्र में एक पेट्रोल पम्प देर रात तक खुलेगा। हालांकि यह व्यवस्था एकबारगी प्रयोग के तौर पर है। यदि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं घटी तो एक पेट्रोल पम्प रातभर खुलने के अभियान पर भी मुहर लग सकती है। फिलहाल गंगानगर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने देर रात तक एक पेट्रोल पम्प खुलने के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। यह सहमति पत्र मंगलवार को कलक्टर को
सौंपा जाएगा।
एसोसिएशन की सोमवार को हुई बैठक में शहरी क्षेत्र में रात 10 बजे के बाद पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं होने से लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रयोग के तौर पर एक पेट्रोल पंप को खुला रखने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश जैन ने बताया कि पेट्रोल पंप को प्रयोग के तौर पर रात्रि में 12 बजे तक खुला रखा जाएगा। इसकी शुरुआत गोशाला रोड पर स्थित उनके पेट्रोल पंप से होगी। एक माह तक पेट्रोल पंप पर होने वाली बिक्री और पुलिस सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी। अगर इस बीच पेट्रोल पंप संचालकों को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़ा तो अन्य पेट्रोल पंपों
को भी बारी-बारी से खोला जाएगा।
जैन ने बताया कि रात में पेट्रोल पंपों पर ज्यादातर लोग शराब पीए हुए आते हैं जो पंप के सेल्समैन से अभद्र व्यवहार करते हैं। इसी परेशानी से बचने के लिए रात को पेट्रोल पंपों को बंद रखा जा रहा था। अब यदि एक पीसीआर लगातार रात को खुलने वाले पेट्रोल पंप पर नजर रखे ताकि आम लोगों को इसका फायदा मिल सके।
कलक्टर भी हैं सक्रिय
यहां यह उल्लेखनीय है कि राजस्थान पत्रिका ने पेट्रोल पंपों को रात्रि में खुला रखने के लिए अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान को व्यापारियों, वकीलों, ट्रेडर्स एसोसिएशन, संयुक्त व्यापार मंडल, केमिस्ट एसोसिएशन, विभिन्न सामाजिक एवं छात्र संस्थाओं के अध्यक्षों आदि ने समर्थन दिया है। इस मामले में जिला कलक्टर ज्ञानाराम भी सक्रिय हैं। उन्होंने ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर्स को तलब कर इस मामले में जन साधारण को राहत दिलाने के निर्देश दिए हैं। ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों ने इस संबंध में पेट्रोल डीलर एसोसिएशन से वार्ता कर उन्हें रात्रि में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री करने के लिए राजी किया।
शहरी क्षेत्र में आम लोगों को पेट्रोल डीजल उपलब्ध करवाने के लिए एक पेट्रोल पंप देर रात तक खुला रहेगा। यह व्यवस्था प्रयोग के तौर पर शुरू की गई है। अगर इसके परिणाम सकारात्मक रहे तो इसे लगातार जारी रखा जाएगा।
- विकास झाझडिय़ा, जिला समन्वयक, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन