श्री गंगानगर

Rajasthan: शहर के 3 होटलों में किशोरी के साथ हुआ दुष्कर्म, एक-एक घंटे के लिए बुक होते थे कमरे, 19 आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बहुचर्चित किशोरी दुष्कर्म मामले में पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एक और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ अब तक 19 लोग सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि शहर के तीन होटलों में एक-एक घंटे के लिए कमरे बुक होते थे। फरार मास्टरमाइंड चार होटलों का संचालन कर कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था।
2 min read
Sri Ganganagar Crime
Sri Ganganagar: तीन होटलों पर हुई कार्रवाई (फोटो-पत्रिका)

श्रीगंगानगर। जिले में किशोरी के साथ हुए बहुचर्चित दुष्कर्म और देह शोषण मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। महिला अपराध अन्वेषण सेल ने मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान भी की जा रही है।

जांच अधिकारी एवं महिला अपराध अन्वेषण सेल के वृत्ताधिकारी कैलाशदान देथा ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड चौराहे स्थित होटल जॉय इन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान एक और आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने मीरा चौक के पास अशोक नगर निवासी आकाश नायक पुत्र चंदूराम नायक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर होटल जॉय इन में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

परत-दर-परत खुल रहा मामला

पुलिस जांच में अब तक गिरफ्तार 19 आरोपियों में 13 कथित ग्राहक शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा होटलों से जुड़े संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस 18 से 21 जून के बीच शहर के तीन होटलों- होटल जॉय इन, होटल ड्रीम और होटल सफायर में किशोरी के साथ कथित देह शोषण के पूरे घटनाक्रम की परत-दर-परत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, नए आरोपियों की पहचान हो रही है और गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ती जा रही है।

4 होटलों का लिया था ठेका

जांच में यह भी सामने आया है कि फरार चल रहा एक आरोपी शहर के चार होटलों का ठेका लेकर उनका संचालन करता था। उसने अपनी पसंद के लोगों को विभिन्न होटलों में मैनेजर नियुक्त कर रखा था और कथित तौर पर इन्हीं होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी होटल मालिकों को मासिक किराया देकर होटल चलाता था, जबकि संचालन और आय पर उसका नियंत्रण रहता था। सूत्रों के मुताबिक इन होटलों में कमरे एक-एक घंटे के लिए भी उपलब्ध कराए जाते थे, जिनका किराया एक हजार से डेढ़ हजार रुपए तक वसूला जाता था। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

बदहाल अवस्था में मिली थी किशोरी

यह मामला उस समय सामने आया था जब 13 वर्षीय किशोरी 18 जून को अपने घर से लापता हो गई थी। बाद में 22 जून को वह श्रीगंगानगर के हाउसिंग बोर्ड चौराहे स्थित एक होटल में बदहाल अवस्था में मिली। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोप है कि 18 से 21 जून के बीच किशोरी को शहर के तीन अलग-अलग होटलों में रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

यह वीडियो भी देखें :

3 होटलों पर चला बुलडोजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति संचालित होटल जॉय इन, होटल ड्रीम और होटल सफायर पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया था। प्रशासन का कहना था कि तीनों होटल आवश्यक अनुमति के बिना संचालित किए जा रहे थे।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Updated on:
07 Jul 2026 08:27 pm
Published on:
07 Jul 2026 08:27 pm