
केबिन काटकर ट्रक चालक को किया रेस्क्यू, पत्रिका फोटो
Netewala Bypass Accident: श्रीगंगानगर जिले में नेतेवाला-कालूवाला बाइपास मार्ग पर शुक्रवार देर रात तीन ट्रकों की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक ट्रक पलट गया, जबकि दो ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। दुर्घटना में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे ट्रक का चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ की ओर से सीमेंट लेकर आ रहा एक ट्रक पंजाब जा रहा था, रीको की ओर से एक ट्रक बेकाबू आता देख इस ट्रक चालक ने दुर्घटना टालने के लिए जैसे ही कट लगाया तो ट्रक पलट गया। उसमें सवार चालक घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। सीमेंट के कट्टे सड़क पर बिखर गए। इसके पीछे आ रहा एक अन्य ट्रक सामने रीको क्षेत्र की ओर से आ रहे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सदर सीआई सुभाषचंद्र और रीको पुलिस चौकी प्रभारी रामपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया। सीआई सुभाषचंद्र ने बताया कि एक चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। उसका एक पैर क्षतिग्रस्त केबिन में दब जाने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी कठिनाई आ रही थी। प्रारंभ में जेसीबी मशीन की सहायता से चालक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद रात करीब 12 बजे हाइड्रोलिक क्रेन और अन्य रेस्क्यू उपकरण मौके पर मंगवाए गए। नेतेवाला के ग्रामीणों ने जनरेटर की व्यवस्था की, जिससे कटर मशीन चलाकर ट्रक के केबिन को काटने का काम शुरू किया गया। चालक को केबिन काटकर सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगने से कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
Published on:
04 Jul 2026 11:00 am
