
बेटी की जान बचाने गाय से भिड़ गई मां (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
Sriganganagar Mother Saves Daughter: लालगढ़ जाटान (श्रीगंगानगर): मां की ममता जब संतान पर संकट देखती है तो उसे अपनी जान की भी परवाह नहीं रहती। श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान में ऐसा ही मार्मिक और साहसिक दृश्य देखने को मिला। ट्यूशन से घर लौट रही पांच वर्षीय मासूम हरकीरत पर एक गाय ने अचानक हमला कर दिया। बेटी की चीख सुनते ही मां मंजीत कौर दौड़ पड़ीं और बिना अपनी जान की परवाह किए गाय के सामने ढाल बनकर खड़ी हो गईं। उन्होंने गाय के सींग पकड़ लिया, ताकि उसकी बेटी सुरक्षित बच सके।
घटना सीआरके कॉलोनी वार्ड-26 की है। मंजीत कौर घर के बाहर खड़ी बेटी के आने का इंतजार कर रही थीं। तभी एक आवारा गाय ने बच्ची पर हमला बोल दिया। इस पर मां दौड़कर पहुंचीं और गाय के सींग पकड़ लिए। गाय ने हालांकि मंजीत कौर को कई बार पटक दिया, लेकिन तब तक मासूम उसकी चपेट से बाहर निकल चुकी थी।
इस संघर्ष में मंजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी कई पसलियां टूट गईं। शोर सुनकर पहुंचे बच्ची के पिता सरदूल सिंह भी बेटी को बचाने के प्रयास में गाय के हमले का शिकार हो गए। बाद में पड़ोसी अमरीक सिंह सहित आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से गाय को वहां से भगाया।
घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद हर कोई मां के साहस की सराहना कर रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि किस तरह मंजीत कौर ने अपनी बेटी को बचाने के लिए बिना एक पल गंवाए गाय का सामना किया। यह दृश्य देखने वालों की आंखें नम कर रहा है।
बच्ची के मुंह, सिर, घुटने और पैर में चोटें आईं। उपचार के बाद हरकीरत और उसके पिता सरदूल सिंह को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि मंजीत कौर का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी कई पसलियां टूट गईं।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और कई बार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़ने और इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
Published on:
02 Jul 2026 09:09 pm
