
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर
Intelligent Traffic Management System: जयपुर शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर अब दिन ही नहीं बल्कि रात के समय भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर लगे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय हैं जो ओवरस्पीड और रेड लाइट जंप जैसी एक्टिविटी को रिकॉर्ड करके तुरंत ऑनलाइन चालान जारी कर रहे हैं। हाल ही में सामने आए आंकड़ों ने यह साफ कर दिया है कि देर रात भी बड़ी संख्या में लोग यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि रात के समय सड़कें अपेक्षाकृत खाली होने के कारण कई वाहन चालक निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते हैं। इसके अलावा कई लोग रेड लाइट सिग्नल की अनदेखी कर चौराहों को पार कर जाते हैं जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए आईटीएमएस के तहत लगाए गए विशेष कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
जयपुर शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 47 अत्याधुनिक कैमरे लगातार वाहनों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करते ही वाहन की जानकारी सिस्टम में दर्ज हो जाती है और संबंधित वाहन मालिक के नाम ऑनलाइन चालान जारी कर दिया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
बीती दो रातों के दौरान कैमरों में दर्ज उल्लंघनों के आंकड़े चौंकाने वाले रहे। ओवरस्पीड के मामलों में सरस पार्लर क्षेत्र में सबसे अधिक 125 चालान जारी किए गए। इसके बाद कॉमर्स कॉलेज क्षेत्र में 52 और नेहरू गार्डन क्षेत्र में 7 चालान काटे गए।
वहीं रेड लाइट सिग्नल जंप करने वालों की संख्या भी काफी अधिक रही। सांगानेरी गेट तिराहे पर सबसे ज्यादा 408 ऑनलाइन चालान जारी हुए। इसके अलावा रामनिवास बाग चौराहे पर 372, पांच बत्ती चौराहे पर 245 और यादगार तिराहे पर 127 चालान बनाए गए। यातायात पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में आईटीएमएस के दायरे का और विस्तार किया जाएगा ताकि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों की प्रभावी निगरानी हो सके।
Published on:
26 Jun 2026 07:56 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
