19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में एक्शन मोड में ट्रैफिक पुलिस, 15 दिन में 1.24 लाख गाड़ियों पर कार्रवाई, उतरवाई ब्लैक फिल्म, हूटर जब्त

Rajasthan Traffic Police: राजस्थान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पिछले 15 दिनों में प्रदेशभर में 1.24 लाख से अधिक वाहनों के चालान कर विभिन्न उल्लंघनों पर कार्रवाई की गई है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan Traffic Police

कार्रवाई करती पुलिस टीम। फोटो- पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। राजस्थान की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने और वीआईपी कल्चर के नाम पर हुड़दंग व नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस मुख्यालय का विशेष अभियान पूरी ताकत से जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के बाद प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस पूरी मुहिम की कमान महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बीएल मीणा संभाल रहे हैं, जिनके सुपरविजन में जिला पुलिस और ट्रैफिक टीमें दिन-रात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर रही हैं।

यह वीडियो भी देखें

​15 दिनों में 1.24 लाख से अधिक वाहनों के चालान

​डीजी ट्रैफिक पालीवाल ने बताया कि आंकड़ों पर नजर डालें तो 4 जून से 18 जून 2026 तक के 15 दिनों के भीतर राजस्थान पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के खिलाफ बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की है। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई, जिसमें 46,958 चालान किए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट-पंजीयन चिह्न के 31,961, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह-लेखन के 17,209, वाहनों की बॉडी/चेसिस में अवैध परिवर्तन के 12,232, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 9,271 तथा प्रेशर हॉर्न-एयर हॉर्न के 6,753 मामलों में कार्रवाई की गई।

गुरुवार का एक्शन

विशेष अभियान के गुरुवार को प्रदेशभर में कुल 7,447 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें 2,577 मामलों में ब्लैक फिल्म हटाने, 1,813 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,173 मामलों में वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 849 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 603 मामलों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 432 मामलों में प्रेशर/एयर हॉर्न के खिलाफ चालान किए गए।

शुक्रवार को दौसा में सर्वाधिक 553 कार्रवाई

जिलावार आंकड़ों के अनुसार दौसा में सर्वाधिक 553 कार्रवाई दर्ज की गई। इसके बाद जयपुर पश्चिम में 534, अजमेर में 492, जयपुर यातायात में 369, जयपुर ग्रामीण में 353, चित्तौड़गढ़ में 347, बांसवाड़ा में 303 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं अन्य जिलों में भी विशेष अभियान के तहत प्रभावी प्रवर्तन किया गया।

डीजी पालीवाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर अभियान जारी रहेंगे। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में किसी प्रकार का अवैध संशोधन या ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें तथा प्रेशर हॉर्न, अनाधिकृत हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट से बचें, ताकि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।