
श्रीगंगानगर/फलोदी। लोकदेवता बाबा रामदेव के दर्शन कर लौट रहा एक परिवार सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिले के कलरा गांव के पास पिकअप और कार के बीच आमने-सामने हुई भिड़ंत में श्रीगंगानगर में तैनात कांस्टेबल संदीप कुमार महला, उनकी मासूम पुत्री राधा और संदीप पुत्र रामवल्लभ की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्री अंदर फंस गए। ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने संदीप और राधा को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामवल्लभ ने जोधपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में कांस्टेबल की पत्नी पूनम और पिकअप चालक भूरालाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जोधपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतक कांस्टेबल संदीप महला श्रीगंगानगर के सदर थाने की पुलिस चौकी में कार्यरत थे। हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है।