
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान पुलिस की एटीएस और बीकानेर रेंज पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए हैं। एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि आरोपियों ने पाकिस्तानी हैंडलर्स के निर्देश पर रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ाने की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस अब उनके नेटवर्क और स्थानीय स्तर पर मदद करने वालों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
जांच में सामने आया कि महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह पंजाब में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद महकदीप कौर ने पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से संपर्क किया। पाक हैंडलर के कहने पर ही आरोपियों ने रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की योजना बनाई।
जांच में पता चला कि 6 अक्टूबर को आरोपियों ने रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाकर पटरी को उड़ाने की योजना बनाई थी, लेकिन पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से बम उपलब्ध नहीं करवाने के कारण योजना को अंजाम नहीं दिया जा सका। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाए गए बम को रेलवे ट्रैक के पास लगाया गया, लेकिन तकनीकी खामी के कारण विस्फोट नहीं हो सका। आखिरकार 3 नवंबर को हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाए गए टाइमर बम से रात करीब 9.45 बजे रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला होने के कारण संदेह से बचने की मंशा से आरोपियों ने रामसिंहपुर-विजयनगर क्षेत्र को वारदात के लिए चुना। इसके अलावा संदिग्धों को ऑनलाइन भुगतान मिलने और उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर सक्रिय गैंगस्टरों की प्रोफाइल फोटो लगाने से उन्हें प्रभावित करने के तथ्य भी सामने आए हैं।
एटीएस और बीकानेर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य जानकारियों का विश्लेषण किया। इसके बाद जांच अधिकारी नितिन चौधरी, प्रशिक्षु आईपीएस श्रीगंगानगर तथा सुरेन्द्र कुमार प्राभारी एटीएस यूनिट बीकानेर के नेतृत्व में टीम पंजाब भेजी गई। वहां गुरदासपुर में कंप्यूटर इंटेलिजेंस शाखा और स्थानीय पुलिस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। संयुक्त कार्रवाई के दौरान महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को दस्तयाब कर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्टल, 46 जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की गई है।
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद पुलिस ने श्रीविजयनगर और रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में करीब 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की तब किसी एक ने संकेत दिया कि पंजाब के रहने वाले महिला और पुरुष दोनों रैकी करने आए थे, इसके बाद उनसे संपर्क नहीं किया। इस दौरान बताए गए हुलिए के बारे में एनआइए अधिकारियों से जानकारी साझा की गई तब इन दोनों के पंजाब के गुरदासपुर एरिया में होने की जानकारी मिली। गिरफ्तार आरोपी दविंदर सिंह गुरदासपुर जिले के चौरा कलां गांव का रहने वाला है। वहीं, महकदीप कौर इसी जिले के गांव दोस्तपुर की निवासी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जारी है।