श्री गंगानगर

Rajasthan SI Exam : राजस्थान एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर आया बड़ा अपडेट, आसपास के साइबर कैफे रहेंगे बंद, सुरक्षा का होगा कड़ा पहरा

Rajasthan SI Exam : राजस्थान में होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। परीक्षा शुरू होने से सिर्फ 30 मिनट पहले केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाए जाएंगे। प्रदेश के 1174 केंद्रों पर 7.70 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

2 min read
Rajasthan SI Exam (photo-AI)

श्रीगंगानगर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 जिले में 5 व 6 अप्रेल को दो पारियों में होगी। परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को जिला परिषद सभागार में केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, उड़नदस्ता दलों व उप समन्वयकों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें सभी आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए।

परीक्षा की नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर रीना ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण सहित सभी व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह परीक्षा राज्य के 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में बनाए गए 22 केंद्रों पर दो दिन में चारों पारियों में 19,542 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

ये भी पढ़ें

राजस्थान में सरकारी स्कूलों के बच्चे अब कक्षा 3 से सीखेंगे AI, पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव, जुड़ेंगे रोबोटिक्स और फेस रिकॉग्निशन के अध्याय

आसपास के साइबर कैफे रहेंगे बंद

परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र परीक्षा अवधि के दौरान बंद रहेंगे। ऐसे में अभ्यर्थियों को पहले ही अपना एडमिट कार्ड प्रिंट करके केंद्रों पर पहुंचना होगा, यदि कोई अभ्यर्थी पहले से एडमिट कार्ड प्रिंट नहीं करता है, तो उसके सामने समस्या आ सकती है।

अभ्यर्थियों की होगी वीडियो रिकॉर्डिंग

अभ्यर्थियों की पहचान के लिए फोटो पहचान और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित बहु-स्तरीय जांच की जाएगी। प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने से केवल आधा घंटा पहले ही केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, 40 पर्यवेक्षक, 7 उपसमन्वयक और 4 उड़न दस्तों की नियुक्ति की गई है।

प्रतिदिन दो पेपर, प्रत्येक की अवधि 120 मिनट

परीक्षा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक भूपेश शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 के लिए प्रत्येक पेपर की अवधि 120 मिनट होगी। पहली पारी में सुबह 10 बजे और दूसरी पारी में दोपहर 2 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रतिदिन दो पेपर होंगे। सामान्य हिन्दी का पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सामान्य ज्ञान व विज्ञान का पेपर दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षार्थी अपना प्रवेश पत्र एसएसओ आईडी से डाउनलोड कर सकेंगे। इस परीक्षा में भी पांचवें विकल्प (गोले) के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें

RBSE 12th Result: राजस्थान बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने में की जल्दबाजी, अभी तो यहां कॉपियां ही नहीं जंची

Published on:
02 Apr 2026 09:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर