Hormuz Strait Sea : श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय की पॉश कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के मर्चेंट नेवी जहाज के साथ होर्मुज स्ट्रेट में फंसने की खबर से परिवार में चिंता का माहौल है।
Hormuz Strait Sea : श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय की पॉश कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के मर्चेंट नेवी जहाज के साथ होर्मुज स्ट्रेट में फंसने की खबर से परिवार में चिंता का माहौल है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड द्वारा एक कंटेनर शिप को रोककर कब्जे में लेने की घटना सामने आई है, जिसमें श्रीगंगानगर का युवक भी सवार है।
जानकारी के अनुसार साधुवाली छावनी के सामने रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी-7 निवासी सेकंड ऑफिसर, 38 वर्षीय संजय माहर जिस कंटेनर शिप पर तैनात हैं, उसे ईरानी सेना ने रोक लिया। माहर शादीशुदा हैं और बच्चों के पिता हैं। लाइबेरिया फ्लैग वाला ‘एपामिनोडेस’ नामक यह जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर आ रहा था।
संजय माहर के भाई सुभाष माहर ने बताया कि संजय करीब 20 दिन पहले दुबई गया था और चार दिन पहले ही वहां से जहाज के साथ रवाना हुआ था। जहाज को गुरुवार तक मुंद्रा पोर्ट पहुंचना था, लेकिन होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के कारण यह रास्ते में ही रुक गया।
इसी दौरान ईरानी सेना ने घेराबंदी कर ली। करीब 30 घंटे पहले जैसे ही जहाज ने आगे बढ़ने की कोशिश की, ईरान की ओर से फायरिंग की गई, जिसके बाद सभी क्रू मेंबर्स जहाज के अंदर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
परिजनों के अनुसार जहाज पर कुल 21 क्रू मेंबर सवार हैं, जिनमें भारत सहित फिलीपींस, यूक्रेन और श्रीलंका के नागरिक शामिल हैं। संजय ने जहाज के अंदर का एक वीडियो भी भेजा था, जिसमें क्रू मेंबर्स चिंतित नजर आ रहे थे। फिलहाल इंटरनेट सेवाएं बंद होने से संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने केंद्र सरकार से संजय सहित सभी क्रू मेंबर्स की सुरक्षित वापसी की मांग की है। वहीं क्षेत्र के विधायक जयदीप बिहाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से ईरान सरकार से तुरंत संवाद स्थापित कर क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।