
श्रीगंगानगर। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। रत्तेवाला-श्रीगंगानगर मार्ग पर गांव 13 बीबी बस स्टैंड के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पदमपुर क्षेत्र के गांव 1 जेजे (ढाणी) निवासी लखबीर सिंह (50) और उनकी पत्नी निर्मल कौर (45) के रूप में हुई है। दोनों श्रीगंगानगर से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, लखबीर सिंह रोज की तरह श्री गुरु अर्जुन देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए थे। इसके बाद वह अपनी पत्नी निर्मल कौर को दवाई दिलाने के लिए श्रीगंगानगर पहुंचे। दवाई लेने के बाद दोनों कार से वापस पदमपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रत्तेवाला के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों को पदमपुर के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। गांव 1 जेजे में शोक की लहर दौड़ गई और पूरे इलाके में मातम का माहौल छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि कार का संतुलन बिगड़ने के कारण यह दुर्घटना हुई। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।