श्री गंगानगर

Sri Ganganagar: रेस्टोरेंट के उद्घाटन पर भाई ने बुलाया, हादसे में पति-पत्नी की मौत, मातम में बदली खुशियां

पदमपुर से अपने भाई के रेस्टोरेंट के मुहूर्त समारोह में शामिल होने अनूपगढ़ आई बहन अपने पति के साथ नेशनल हाइवे-911 पर हुए सड़क हादसे का शिकार हो गई।
2 min read
Anupgarh road accident
क्षतिग्रस्त बाइक व मृतक पति-पत्नी। फोटो: पत्रिका

श्रीगंगानगर/अनूपगढ़। नए रेस्टोरेंट के शुभ मुहूर्त की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। चार दिन पहले पदमपुर से अपने भाई के रेस्टोरेंट के मुहूर्त समारोह में शामिल होने अनूपगढ़ आई बहन अपने पति के साथ नेशनल हाइवे-911 पर हुए सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दंपती की मौत हो गई। पहले गंभीर रूप से घायल पति ने बीकानेर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी ने पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। कुछ ही घंटों के अंतराल में दंपती की मौत से दोनों परिवारों में शोक छा गया।

जानकारी के अनुसार सोना देवी (39) अपने भाई जगदेव सिंह, निवासी वार्ड नंबर 6, अनूपगढ़ के नए रेस्टोरेंट के शुभ मुहूर्त कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पति गुरदीप राम (43) पुत्र जगदीश राम, निवासी 1 सीसी, पदमपुर के साथ चार दिन पहले श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ आई थी। शनिवार दोपहर दोनों बाइक पर गांव 6 पी में दोनों एक परिचित से मिलने गए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे वापस लौटते समय संधू पंजाबी ढाबे के सामने नेशनल हाइवे-911 पर सामने से आ रहे फ्यूल टैंकर से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के बाद उछलकर सड़क गिरे बाइक सवार

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में गुरदीप राम के दोनों पैर और एक हाथ टूट गया तथा सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, सोना देवी के चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर व अंदरूनी चोटें लगीं। सूचना पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी सोनू सिंह और पायलट अमरजीत मौके पर पहुंचे और सोना देवी को राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। गुरदीप राम को एक निजी कार चालक अस्पताल लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

रास्ते में पति की मौत, पीबीएम में पत्नी ने भी तोड़ा दम

बीकानेर ले जाते समय एंबुलेंस जब पतरोड़ा के पास पहुंची तो गुरदीप राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उनका शव वापस अनूपगढ़ लाकर राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। गंभीर घायल सोना देवी को पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि भाई के नए रेस्टोरेंट के शुभ मुहूर्त को लेकर दोनों विशेष रूप से इस समारोह में शामिल होने पदमपुर से अनूपगढ़ आए थे। घटना की सूचना पर एएसआई सलीम पठान पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर ली। मृतक गुरदीप राम मजदूरी करता था। दंपती के दो बेटे व एक बेटी है।

Updated on:
19 Jul 2026 08:43 am
Published on:
19 Jul 2026 08:43 am
Also Read
View All
Rajasthan: कांस्टेबल पर हमला कर अस्पताल से कैदी फरार, घायल पुलिसकर्मी ICU में भर्ती

बीकानेर संभाग की शान पर दाग! भारत माता चौक से 1 महीने से क्यों गायब है 100 फीट ऊंचा तिरंगा? लापरवाही पर उठे सवाल

बिहार में 131 करोड़ का घोटाला: राजस्थान में BJP नेता पर ED ने कसा शिकंजा, 2.92 करोड़ कैश और अहम दस्तावेज जब्त

Rajasthan: ऑनलाइन शॉपिंग पर फर्जी रिटर्न करके रिश्तेदारों को महंगे में बेच देते प्रोडक्ट, गैंग का एक और आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान में बदमाशों और पुलिस का आमना-सामना: पंजाब बॉर्डर पर पुलिस ने घेरा तो पुल से नीचे कूदे बदमाश, हथियार बरामद