श्री गंगानगर

Rajasthan Accident : श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ थर्मल में हादसा, कोल हैंडलिंग प्लांट के बंकर से श्रमिक की गिरने से मौत, भारी आक्रोश

Sri Ganganagar Accident : श्रीगंगानगर में सुपर क्रिटिकल थर्मल परियोजना के कोल हैंडलिंग प्लांट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की तीसरी-चौथी इकाई के बंकर से गिरने से श्रमिक की मौत हो गई।
2 min read
Sri Ganganagar Suratgarh Thermal Power coal handling plant bunker Worker falling dies
Suratgarh Thermal Power Accident : श्रमिक अर्जुन के बंकर से गिरने के बाद एकत्र भीड़। पत्रिका फोटो

Suratgarh Thermal Power Accident : श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ थर्मल में सुपर क्रिटिकल थर्मल परियोजना के कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। परियोजना की तीसरी-चौथी इकाई के बंकर से गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद परियोजना परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर परियोजना प्रशासन के अधिकारी, श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और थर्मल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। श्रमिक नेताओं ने परियोजना प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार परियोजना की तीसरी एवं चौथी इकाई के बंकर से गिरने के कारण श्रमिक अर्जुन पुत्र ओमप्रकाश रैगर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक श्रीगंगानगर जिले के बड़ोपल के निकट झुलिया वाला चक का निवासी था और ब्रदर्स कंपनी के माध्यम से परियोजना में कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलते ही परियोजना प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी तथा थर्मल चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, श्रमिकों में भारी आक्रोश

वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की प्रक्रिया की गई। घटना के बाद श्रमिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि परियोजना में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और निगरानी होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की।

संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत

एक और न्यूज के अनुसार भादरा कस्बे के वार्ड नंबर 11 स्थित पुरानी मस्जिद के पास किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भाई ने पुलिस थाना भादरा में रिपोर्ट देकर हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में कलाना निवासी इन्द्रसिंह पुत्र जसवन्तसिंह ने बताया कि उसके भतीजे जितेन्द्रसिंह ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे फोन कर सूचना दी कि उसके चाचा पेपसिंह उर्फ पप्पूसिंह की हालत गंभीर है। इसके बाद वह उनके निवास पर पहुंचा, जहां पेपसिंह उर्फ पप्पूसिंह मृत अवस्था में मिला। रिपोर्ट के अनुसार मृतक के सिर से खून बह रहा था तथा मकान के आंगन में कई स्थानों पर खून फैला हुआ था।

Updated on:
30 Jun 2026 11:46 am
Published on:
30 Jun 2026 11:39 am