
श्रीगंगानगर। गांवों की सरकार चुनने के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना में भी रोमांच देखने को मिला। कहीं जीत के जश्न में पटाखे चलाए गए तो कहीं दोबारा मतगणना में पूरा परिणाम ही पलट गया। श्रीबिजयनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत 4 बीएलडी में सरपंच पद का परिणाम चार बार मतगणना के बाद घोषित हुआ। शुरुआत में कमला देवी को 65 वोट से विजेता घोषित कर दिया गया, लेकिन दोबारा गिनती में बाजी पलट गई। आखिरकार सपना मेहरड़ा को महज चार वोट से विजेता घोषित किया गया।
यहां गुरुवार सुबह करीब चार बजे मतगणना का परिणाम जारी किया गया। कमला देवी के समर्थकों ने जीत की खुशी में पटाखे भी चला दिए, लेकिन मतगणना पर आपत्ति के बाद दोबारा गिनती करवाई गई। बताया गया कि कमला देवी के 32 और सपना के आठ वोट निरस्त किए गए। चार बार मतगणना के बाद विवाद के बीच सपना मेहरड़ा को चार वोट से सरपंच निर्वाचित घोषित किया गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने करीब 150 जवानों का अतिरिक्त जाब्ता बुलाया। हंगामे के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों पर हल्का बल प्रयोग भी किया, जिसमें कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है। इसके बाद परिणाम घोषित किया गया।
श्रीबिजयनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत 12 जीबी में सरपंच सिद्ध कौर ने 900 वोट के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, 28 जीबी में जीत के जश्न के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया और जमकर मारपीट हुई। हालांकि शुक्रवार शाम तक पुलिस में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। राजियासर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रायांवाली में सरपंच सीमा ने 1095 वोट से जीत दर्ज की, जबकि गुडली में सुनील भारती महज 14 वोट से विजयी हुए।
गई। सूरतगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत संघर में हेतराम ने 2501 वोट हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1737 वोट से हराया। वहीं, 13 एसडी में चंद्रभान महज नौ वोट से सरपंच बने।
मतगणना में देरी के चलते ग्रामीणों और समर्थकों को लंबे समय तक नतीजों का इंतजार करना पड़ा। राजियासर की बीरमाना ग्राम पंचायत का परिणाम दोपहर 3:30 बजे के बाद जारी हुआ। कुछ पंचायतों के नतीजे शुक्रवार तडके करीब तीन बजे तक घोषित किए गए। शुक्रवार को जिले की 102 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच के चुनाव हुए।