
श्रीगंगानगर.
मटीलीराठान थाना इलाके में बीस जैड से आगे टेल के पास मंगलवार दोपहर दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दोनों बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस व लोगों का कहना है कि यदि दोनों ने हेलमेट पहने होते तो जान बच सकती थी।
मटीलीराठान थाना प्रभारी कुलदीप सिंह चारण ने बताया कि कमीनपुरा निवासी अमृतपाल (27) पुत्र जगदीश सिंह बाइक पर श्रीगंगानगर से गांव की तरफ आ रहा था।वहीं, 31 एफ गुलाबेवाला निवासी इकबाल सिंह (55) पुत्र मेहर सिंह बाइक पर श्रीगंगानगर जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे बीस जैड से आगे टेल के पास गाय को बचाने के फेर में तेज गति में चलती दोनों बाइक्स की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक्स बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर जमा ग्रामीणों व वहां पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। दोपहर बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजन ने पोस्टमार्टम से मना कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिए।
तेज गति में टकरा गए दोनों के सिर
- पुलिस, परिजनों व एम्बुलेंस वालों ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत के दौरान दोनों बाइक सवारों के सिर एक दूसरे से टकरा गए। सड़क पर गिरने से भी सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिससे दोनों के चेहरे बिगड़ गए और उनको पहचानने में भी दिक्कत हुई।
एक 70 तो दूसरी 90 से ऊपर
- पुलिसकर्मियों व मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि बाइक्स की रफ्तार बहुत तेज थी। एक बाइक की रफ्तार करीब सत्तर किलोमीटर प्रति घंटा व दूसरी बाइक की करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।