
श्रीगंगानगर। जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से रविवार शाम एक विचाराधीन कैदी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर खुद को छुड़ाया और मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी कराई, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
फरार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय गौरव पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। वह श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी क्षेत्र का निवासी है और एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था। इलाज के दौरान उसे जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में रखा गया था।
जानकारी के अनुसार कैदी वार्ड की सुरक्षा में तीन पुलिसकर्मी तैनात थे। घटना के समय एक कांस्टेबल चाय के लिए दूध लेने बाहर गया हुआ था, जबकि दूसरा किसी अन्य कार्य से अस्पताल परिसर में चला गया। इसी दौरान वार्ड में मौजूद अकेले कांस्टेबल दुलीचंद पर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई सतवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान कैदी वार्ड के शौचालय का एग्जॉस्ट फैन टूटा हुआ मिला, जबकि एक एयर कंडीशनर अपनी जगह से हटाया हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी एसी की जगह बने रास्ते से बाहर निकला होगा। वहीं वार्ड की खिड़कियों के शीशे भी टूटे मिले और फर्श पर कांच बिखरा था।
हालांकि अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी मुख्य गेट से भी बाहर निकल सकता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हमले में घायल गोविन्दसर का निवासी कांस्टेबल दुलीचंद को तत्काल श्रीगंगानगर जिला अस्पताल की आपातकालीन इकाई में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके गले पर गंभीर चोट है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु या तारनुमा सामग्री से हमला किया। प्राथमिक उपचार और सीटी स्कैन के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।