सुबह 11.30 बजे तापमान 6 डिग्री गिरा
श्रीगंगानगर. इलाके में शनिवार को सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक धुंध ही धुंध नजर आ रही है। हाईवे हो या फिर लिंक रोड, सब जगह वाहनों की रफ्तार थमसी गई है। मौसम में एकाएक बदलाव से दिनचचर्या पर असर पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्र में वाहनों ने हैडलाइट जलाने को मजबूर कर दिया। दिन होने के बावजूद हालात रात जैसे नजर आए। नेशनल हाइवे ६२ पर वाहनों की कतार सी लगी रही। लंबी दूरी की बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है।
इधर, मौसम में एकाएक परिवर्तन आने से बिजली की खपत कम हो गई है, इससे विद्युत निगम ने राहत महसूस की है। लेकिन रसोई गैस की खपत बढ़ी है। क्षेत्र में शनिवार सुबह सीजन का पहला कोहरा छाया। इसके साथ ही सर्दी ने भी दस्तक दे दी। इससे पहले वातावरण में हल्का कोहरा आ रहा था लेकिन दिन छिपने के बाद। पहली बार शुक्रवार को आधी रात के बाद कोहरे ने दस्तक दी। कोहरा छाने से दिन के तापमान में जबर्दस्त गिरावट आई है। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार सुबह 11.30 का तापमान 6 डिग्री गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस रह गया।
सुबह 8.30 बजे का तापमान भी करीब 3 डिग्री गिर गया। वातावरण में सुबह 11 बजे के बाद तक कोहरा छाया हुआ था और विजिबिलिटी कम थी। मौसम सर्द होने से लोगों ने स्वेटर आदि निकाल लिए। सुबह-सवेरे घरों से निकले लोगों को गर्म लबादे ओढ़े देखा गया। मौसम विभाग भी इसे सर्दी की शुरुआत मान रहा है। अभी दो-तीन दिन कोहरा छाने की संभावना है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।
फैक्ट फाइल
समय 3 नवम्बर 4 नवम्बर
5.30 बजे 18.8 17.2
11.30 बजे 26.0 20.0
(स्रोत: मौसम विभाग, श्रीगंगानगर)