राज्य

Weather Update: सर्दी होगी छू मंतर, फरवरी में ही छूटेंगे पसीने! IMD ने बताया पूरे महीने कैसा रहेगा मौसम

Weather Forecast for February 2025 : फरवरी में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है।

2 min read
Feb 03, 2025

Maharashtra Weather Forecast : महाराष्ट्र में कुछ दिनों के बाद ठंड की रवानगी शुरू हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, फरवरी में महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों कम से कम 5 फरवरी तक सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। जबकि मुंबई में कम से कम 4-5 फरवरी तक रातें ठंडी रहेंगी और उसके बाद मौसम गर्म होने का अनुमान है।

आईएमडी ने अपने मासिक पूर्वानुमान में अनुमान जताया है कि राज्य में फरवरी के महीने में सामान्य से ज्यादा गर्म मौसम रहेगा। एक वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ने बताया कि महाराष्ट्र में सर्दियों के तापमान में उत्तरी ठंडी हवाएँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस साल नवंबर और दिसंबर के कुछ दिनों को छोड़कर महाराष्ट्र में उत्तरी हवाओं का कोई मजबूत असर नहीं हुआ। इसलिए राज्य में इस सर्दी के मौसम में अब तक अपेक्षाकृत कम ठंडे दिन देखे गए हैं।

वहीँ, मध्य महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्र में एंटी-सयक्लोन की स्थिति के कारण दिन का तापमान अधिक रहा और नतीजतन राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से काफी अधिक था।

फरवरी महीने के पूर्वानुमान में आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र (Mrutyunjay Mohapatra) ने कहा, “फरवरी 2025 के दौरान मासिक न्यूनतम तापमान उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में न्यूनतम तापमान इस महीने सामान्य रह सकता है। फरवरी में मासिक अधिकतम तापमान पश्चिम मध्य भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। जबकि इस महीने पश्चिम मध्य भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में सामान्य से कम अधिकतम तापमान होने की उम्मीद जताई जा रही है।”

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में कमजोर ला नीना की स्थिति बनी हुई है, और मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से नीचे है। कमजोर ला नीना की स्थिति अप्रैल 2025 तक बनी रहने की संभावना है।

Published on:
03 Feb 2025 12:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर