
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर सांसद मेनका संजय गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र में जन चौपाल को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी से कहा, 'जबसे आपने मुझे सांसद बनाया है, मैंने कोशिश की है कि जो भी आपकी मांगे हैं उनको मैं पूरा करूं। आपने दो किस्म की मांगे रखी। बड़ी मांगों में मेडिकल कॉलेज, नवोदय विद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज बन रहा है। किसान सहकारी चीनी मिल के लिए भी 600 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी है। दो पुलिस स्टेशन धनपतगंज व बंधुआ कला में बन गए हैं। नौ करोड़ रुपए की लागत से सतहरी झील का काम भी लगभग पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि वह संसदीय क्षेत्र के 950 गांवों में जा चुकी हैं। वहीं जिले में अब तक 1000 करोड़ रुपये का विकास कार्य हुआ है।
300 लोगों की शिकायतों का तत्काल करती हूं समाधान- मेनका गांधी
जिले पहुंची मेनका गांधी ने कहा कि वह हर 15 दिन में यहां दौरे पर आती हैं। सुबह सात बजे से काम शुरू करती हैं और दो से 300 लोगों की शिकायतों को सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान करती हैं। वहीं तीन वर्षों से लगातार जिले की बेटियां के विभिन्न क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करने पर कहा कि सुल्तानपुर के लड़के लड़कियां बहुत अकलमंद हैं। बस उनको मौका देना चाहिए ताकि वह जिंदगी में कुछ बन जाएं। सांसद ने कहा कि यहां की बेटियां बेहद मेधावी हैं।यूपी बोर्ड के परिणाम में सुल्तानपुर की दो छात्राओं के द्वारा प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में स्थान बनाने और सुल्तानपुर की प्रतिभा वर्मा व अरीबा नोमान के सिविल सेवा में चयनित होने से सुल्तानपुर की बच्चियों में बढ़ता हुआ जुनून महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा मैं बहुत गर्व से बोलती हूं कि सुल्तानपुर की लड़कियां वर्ल्ड चैंपियन बन सकती हैं।
सुल्तानपुर में 320 अमृत सरोवर का निर्माण
मेनका गांधी ने कहा कि शहर में सड़क चौरीकरण का निर्माण कार्य आखिरी चरण पर चल रहा है। डिवाइडर भी बन रहा है शहर में जो पेड़ काटे गये थे उनकी जगह पर पेड़ लगाए जा रहे हैं। और सबसे अच्छी बात यह है कि एक बहुत सुंदर मंडी बन रही है और उस मंडी में जो ठेले वाले हैं उनके लिए बहुत इज्जत के साथ जगह दी जाएगी ताकि सुल्तानपुर के लोग एक जगह जाकर सब्जी और फल खरीद सकें।
मनरेगा के उपायुक्त अनवर शेख ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा निर्देशन में सुल्तानपुर में 320 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा रहा है,15 अगस्त तक 2 सौ सरोवरों के निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि अमृत सरोवर योजना से जिले के 40 हजार मनरेगा मजदूरों को रोजगार मिला है।उन्होंने बताया कि प्रत्येक सरोवरों के निर्माण में 25 - 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे है।