पुलिस ने कहाकि जब पति और भाई पिएं शराब तो पुलिस को देना सूचना
सुलतानपुर. प्रदेश के अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़ और आजमगढ़ समेत कई जिलों में अवैध शराब के सेवन से अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो गई। अवैध शराब के पीने से हुई इन मौतों ने सरकार सहित पूरे सिस्टम को बैकफुट पर ला दिया था। आबकारी महकमे के साथ-साथ पुलिस की कार्यशैली पर भी उंगलियां उठी थी, लेकिन जिले के मार्डन थाना बंधुआकलां के थाना प्रभारी प्रवीण यादव ने अवैध शराब के धंधे को खत्म कराने के लिए अवैध शराब के धंधे से जुड़ी क्षेत्र की दर्जन भर महिलाओं को थाने लाकर उन महिलाओं को कसम दिलाई कि अब इस गन्दे धंधे को नही करेंगी।
लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे -56 पर जिला मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर मार्डन थाना बंधुआ कलां क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की भट्टियां धंधक रहीं हैं। इस सूचना पर थाना प्रभारी श्री यादव ने दबिश देकर दर्जन भर महिलाओ को पकड़ा। एसओ ने महिलाओं से कहा कि मैंने कई बार समझाया कि अवैध शराब के गंदे धंधे को छोड़ दो, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। सब लोग कसम खा लो, गांव में शराब नहीं बनाओगी। तुम लोग कोई भी काम कर लो लेवर गिरी कर लो, मजदूरी कर लो, और अगर किसी के पास कोई खाने-पीने का सामान न हो तो बताना। हम ग्राम प्रधान से कहकर के कोटे से राशन दिलवा देंगे।
शराब न बनाने की दिलाई शपथ
इसके साथ ही कहा कि जो तुम्हारे परिवार में पीते हैं उनकी सूचना आकर थाने पर देना। उनका शराब पीना भी बंद करवाना है। अगर तुम्हारा पति पीता है, लड़का पीता है वो भी बताना, लेकिन ये शपथ लो कि गांव में शराब नहीं बनेगी। उन्होंने पकड़ी गई महिलाओं को चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। बता दें कि थाना प्रभारी ने बड़का पत्नी स्व. अर्जुन, सुनीता पत्नी दिनेश, अनीता पत्नी अशोक, प्रमिला पत्नी जगदीश, शयामकली पत्नी मोहनलाल, सपना पत्नी जगदीश, मालती पत्नी पुनवासी, निशा पत्नी वंश राज, रंजना पत्नी राम करन, प्रेमा पत्नी राम प्रसाद, सीमा पत्नी छोटे लाल, जय कला पत्नी स्व. शीतला प्रसाद, निर्मला पत्नी मिट्टन, श्याम कली पत्नी रामलाल का मुचलका भरवाया। और इन सबको कसम खिलवाई।