Sultanpur Weather Forecast : आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 24 घण्टों में घना कोहरा छाए रहने और बदली के साथ बूंदाबांदी होने के साथ ही धुंध बरकरार रहने की संभावना है
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. जनवरी के आखिरी सप्ताह में सर्दी फिर रौ में आ गई है। सोमवार को दिन का पारा अधिकतम लुढ़ककर 13.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस तरह सोमवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। रात का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को रात से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बर्फीली सर्द पछुआ हवाओं के चलने के कारण ठंड में और इजाफा होगा। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बर्फीली पश्चिमी हवाओं के चलने से अभी और ठंड बढ़ने की संभावना है। आगामी 24 घण्टों में घना कोहरा छाए रहने और बदली के साथ बूंदाबांदी होने के साथ ही धुंध बरकरार रहने की संभावना है। अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम का कड़क मिजाज
मौसम की बेरुखी लोगों पर भारी पड़ रही है, जिसके चलते जिले में न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में अभी और कड़ाके की ठंड पड़ने के सीधे संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को दिन भर घना कोहरा छाया रहा। इसकी शुरुआत भी रविवार की देर रात से हो गई थी। पूरा दिन कोहरा छाया रहा और लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। मंगलवार को आसमान में घने बादल छाए रहने और बर्फीली पछुआ हवाओं के चलने के कारण लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है।
By- राम सुमिरन मिश्रा