बेहोशी की हालत में पति ने अस्पताल में कराया था भर्ती, पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सुलझाई गुत्थी
सूरजपुर. पखवाड़ेभर पूर्व एक युवक शराब के नशे में चूर होकर घर पहुंचा। यहां पत्नी आपत्ति दर्ज कराई कि रोज-रोज इतना शराब क्यों पीकर आते हो। इससे नशे में पति भड़क गया और पत्नी का गला दबा दिया। इससे पत्नी अचेत होकर वहीं गिर गई।
इसके बाद पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां उसकी अंतिम सांसें चल रही थीं। इस दौरान वह अपने गले और पति की ओर इशारा कर रही थी। वहां मौजूद लोग उसकी बात नहीं समझ पा रहे थे। इसके बाद महिला ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने पीएम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि की।
इस आधार पर पुलिस ने उसके पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सूरजपुर जिले के ग्राम ऊंचडीह निवासी कुंदलराम राजवाड़े 10 जून की रात को कहीं से खा-पीकर घर पहुंचा। जिस पर उसकी पत्नी ने आपत्ति दर्ज कराया तो इसी बात को लेकर उससे विवाद हो गया और नशे में चूर कुंदलराम ने अपनी पत्नी 30 वर्षीय रीता राजवाड़े की गला दबा दी। इससे वह अचेत हो गई। अचेतावस्था में उसे अस्पताल लाया गया।
इस दौरान वह इशारों में अपने गले व पति की ओर संकेत कर रही थी लेकिन लोग समझ नहीं पा रहे थे। इधर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तब मर्ग कायम किया था।
पीएम रिपोर्ट में इस खुलासे के बाद कि उसकी मौत की वजह दम घुटने से हुई है पर जांच शुरू की गई और पति को संदेह के दायरे में रखकर पूछताछ की गई तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबुल कर लिया। पुलिस ने अब हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घरवालों को करता रहा गुमराह
महिला घटना के बाद अंगुली से जब इशारा कर रही थी तो आरोपी कुंदलराम परिजनों को यह बता रहा था कि उसकी अंगुली में किसी कीड़े ने काट लिया है। इस पर वह इशारा कर रही है तथा इसी वजह से अचेत है। पहले उसने पुलिस को भी मौत की वजह कीड़ा काटना ही बताया था।