
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबेरपुर में 28 वर्षीय चंद्रावती जायसवाल की सडक़ दुर्घटना में मौत (Woman died in road accident) हो गई थी। घटना के 25 दिन बाद अब उसके पति संजय जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकता शव मिला है। इस मामले को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गंभीरता से लिया है। मंत्री ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जांच में किसी भी प्रकार का दबाव, पक्षपात अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस दुखद घटनाक्रम (Husband suicide after wife died) के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता, किसी प्रकार की प्रताडऩा अथवा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने जैसे तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कोई भी दोषी किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूर्व में हुई सडक़ दुर्घटना, उसके बाद उत्पन्न परिस्थितियों, दर्ज प्रकरणों तथा मृतक संजय जायसवाल की मृत्यु से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्षता से पड़ताल की जाए। साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक तथ्य का सत्यापन किया जाए।
मंत्री (Minister Laxmi Rajwade) ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और किसी दोषी को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। शासन की प्राथमिकता पीडि़त परिवार को न्याय दिलाना और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाना है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस घटना में माता-पिता दोनों को खो चुके मासूम बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके संरक्षण, शिक्षा एवं भविष्य की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने दोहराया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाई जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई (Strict action against Guilty) की जाएगी।