सुरजपुर

Crime News: बोरे में बंद मिला एक दिन का नवजात, रोने की आवाज से खुला राज, इस हाल देखकर लोगों के उड़े होश

Crime News: ओडगी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव के पास जंगल के रास्ते सड़क किनारे एक दिन का नवजात शिशु बोरे में बंद अवस्था में मिला।

2 min read
Feb 01, 2026
नवजात (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)

Crime News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। ओडगी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव के पास जंगल के रास्ते सड़क किनारे एक दिन का नवजात शिशु बोरे में बंद अवस्था में मिला। बच्चे को कंबल में लपेटकर बोरे में डाल दिया गया था। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बैजनाथपुर गांव के पास से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों को सड़क किनारे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण रुके और आसपास तलाश करने लगे। थोड़ी ही देर में उन्हें एक बोरा दिखाई दिया, जिसके भीतर से रोने की आवाज आ रही थी। जब बोरा खोलकर देखा गया तो उसमें एक नवजात शिशु कंबल में लिपटा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए।

ये भी पढ़ें

Crime News: केस में फंसा दूंगा कहकर वसूली, फिर खुद फंस गया प्रधान आरक्षक… एसपी ने किया निलंबित

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में कराया दाखिल

ग्रामीणों ने बिना देरी किए मानवता का परिचय देते हुए नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल भैयाथान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार नवजात लड़का है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि एहतियातन बेहतर इलाज और निगरानी के लिए बच्चे को सूरजपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही ओडगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में सड़क किनारे छोड़ा। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और बच्चे की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।

Published on:
01 Feb 2026 12:33 pm
Also Read
View All

अगली खबर