सुरजपुर

चोरों ने फ्रिज खोलकर पहले दही और मटन खाया, फिर दुकान से ले उड़े रुपए व सामान

सिलसिलेवार ढंग से हो रही चोरी की वारदातों से भटगांव पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
2 min read
Shop where theft
Shop

जरही. क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह ने सिलसिलेवार ढंग से वारदात को अंजाम देकर पुलिस के नाक में दम कर दिया है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है और इधर चोर ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार की रात चोरों ने बाजारापारा में दो स्थान पर धावा बोल 3 हजार नकद व हजारों का किराना सामान पार कर दिया। एक दुकान में तो चोरों ने फ्रिज में रखी दही व मटन का भी आनंद लिया।


सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में शनिवार की रात बाजारपारा में स्थित अली असगर की किराना दुकान में धावा बोलकर चोरों ने दो हजार नकद, सरसों व रिफाइन तेल सहित अन्य किराना सामान ले गए। इस दौरान चोरों ने फ्रिज में रखा मटन व दही का भी आनंद लिया। सुबह जब संचालक दुकान खोलने पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी लगी।

वहीं दूसरी घटना में उक्त किराना दुकान से महज 200 मीटर दूरी पर प्रगति विहार कॉलोनी के पास स्थित चतुर केंवटर के किराना दुकान में भी रात में ही चोरों ने धावा बोला। चोर दुकान के पिछले हिस्से की दीवार फांदकर आंगन के रास्ते दरवाजे का ताला तोड़ अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखा 1 हजार नकद सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।

संचालक को चोरी की घटना की जानकारी सुबह लगी। दोनों दुकान संचालक ने चोरी की लिखित शिकायत भटगांव थाने में दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी खोजबीन में जुटी हुई है।


लगातार हो रही चोरियों ने खोली पुलिस गश्त की पोल
लगातार हो रही वारदातों से भटगांव पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस माह हुई चोरी की वारदातों में से एक की भी गुत्थी पुलिस नहीं सुलझा सकी है। पुलिस एक मामले की जांच में लगती नहीं है कि चोर दूसरी वारदात को अंजाम दे देते हैं। पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Published on:
26 Aug 2018 09:37 pm