सूरत

ग्रे कपड़ा व्यापारियों के साथ एक करोड़ की धोखाधड़ी

दो अलग-अलग मामले दर्ज

2 min read
Sep 12, 2018
file
ग्रे कपड़ा व्यापारियों के साथ एक करोड़ की धोखाधड़ी

सूरत. रिंग रोड पर कोहिनूर मार्केट और अंबाजी मार्केट की दो पार्टियों द्वारा ग्रे कपड़े के व्यापारियों के साथ एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सलाबतपुरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।


पुलिस के मुताबिक कोहिनूर मार्केट में विष्णु सिल्क मिल्स के संचालक मुकेश पुरोहित ने पालोद कृष्णा रेजिडेंसी निवासी सुर्जन सिंह सुमेरसिंह जोधा और आठ अन्य व्यापारियों के साथ ५४ लाख ३६ हजार ६२६ रुपए की धोखाधड़ी की।

मुकेश ने फरवरी से मई के दौरान सुर्जन सिंह से २१ लाख २० हजार ३०७ रुपए और अन्य व्यापारियो से ३३ लाख १६ हजार ३१९ रुपए का ग्रे कपड़ा उधार लिया, लेकिन व्यापारिक नियमानुसार भुगतान नहीं किया। सुर्जन और अन्य व्यापारियों ने जब उससे पेमेंट की मांग की तो उसने अपशब्द कहे तथा जान से मारने की धमकी दी।

इसी तरह आनंद महल रोड पर नवयुग कॉलेज के निकट नेहा अपार्टमेंट निवासी वेनस पलसाणावाला और उसके भाई भाविन पलसाणावाला ने सुर्जन सिंह जोधा तथा आठ अन्य व्यापारियों के साथ ४५ लाख ४८ हजार ५५८ रुपए की धोखाधड़ी की। रिंग रोड पर अंबाजी मार्केट में सुपर टैक्स के नाम से कारोबार करने वाले पलसाणावाला बंधुओं ने फरवरी से मई के दौरान सुर्जन सिंह से १२ लाख ९७ हजार ५५७ रुपए और अन्य व्यापारियों से ३२ लाख ६१ हजार रुपए का ग्रे कपड़ा उधार लिया।

इसका भुगतान नहीं किया गया। पेमेंट की मांग करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। सुर्जनसिंह और अन्य व्यापारियों ने सलाबतपुरा थाने में अलग-अलग दो प्राथमिकी दर्ज करवाईं। पुलिस ने राजस्थान के सिरोही जिले के मणोरा गांव के मूल निवासी मुकेश और पलसाणावाला बंधुओं की खोज शुरू कर दी है।


बंद मकान में चोरी


सूरत. उधना क्षेत्र में एक बंद मकान से चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत एक लाख ३३ हजार रुपए का सामान चुरा ले गए। पुलिस के मुताबिक चोरी उधना मफतनगर झोपड़पट्टी निवासी दिनेश खीमजी चौहाण के मकान में हुई। एक निजी फर्म में बतौर खजांची काम करने वाला दिनेश परिवार के साथ ८ सितम्बर को चाणोद गया था।

चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। वह विभिन्न अलमारियां और लॉकर तोड़ कर २४ हजार रुपए नकद, ८७ हजार ५०० रुपए के जेवर, एक मोबाइल और एक टीवी चुरा ले गए। दिनेश ने मंगलवार को उधना थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई।

Published on:
12 Sept 2018 09:33 pm