
सरिता गायकवाड़। फाइल फोटो- पत्रिका
Gujarat Police: एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली धावक और गुजरात पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत सरिता गायकवाड़ के साथ रेत के कारोबार में निवेश के नाम पर 67.30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने उन्हें हर महीने चार प्रतिशत मुनाफा देने का भरोसा दिलाया था। सरिता ने आहवा एसओजी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी नितिन बाबूभाई भारती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार साल 2024 में आहवा तहसील के गहली गांव की सरपंच और सरिता की परिचित ज्योति बेन ने उनकी मुलाकात नितिन से कराई थी। नितिन डांग जिले के व्यारा तहसील के बोरगड़ी गांव का रहने वाला है। उसने सरिता को बताया कि वह रेत का ठेकेदार है और उसका करोड़ों रुपए का कारोबार है। उसने यह भी भरोसा दिलाया कि कारोबार में निवेश करने पर हर महीने चार प्रतिशत मुनाफा मिलेगा और एक साल बाद मूल रकम लौटा दी जाएगी।
आरोपी की बातों पर विश्वास कर सरिता ने अलग-अलग किस्तों में कुल 69.10 लाख रुपए उसके बताए बैंक खातों में जमा कराए। यह रकम सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि निवेश के बाद उन्हें वादे के मुताबिक मुनाफा नहीं मिला। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार नई तारीख देकर उन्हें टालता रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने भुगतान के नाम पर 30 लाख रुपए के चेक की तस्वीर व्हाट्सऐप पर भेजी थी, लेकिन वास्तविक चेक नहीं दिया।
इसके बाद वह फोन पर भी उपलब्ध नहीं हुआ। सरिता के अनुसार आरोपी ने कुल निवेश में से केवल 1.80 लाख रुपए लौटाए हैं। शेष 67 लाख 30 हजार 56 रुपए अब तक बकाया हैं। काफी समय तक रकम वापस मिलने की उम्मीद में इंतजार करने के बाद सरिता ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले में निवेश से जुड़े बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
Updated on:
3 Nov 2026, 7:33 PM IST
Published on:
3 Nov 2026, 7:33 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.