उधना स्टेशन पर 11 ट्रेनों का ठहराव रद्द, सत्रह ट्रेनों के मार्ग बदले
सूरत.
उधना और चलथान स्टेशन के बीच २५ से २७ फरवरी तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय किया गया है। इस दौरान ग्यारह ट्रेन उधना स्टेशन पर नहीं ठहरेंगी। सत्रह ट्रेनों को वाया वसई रोड चलाने की व्यवस्था की गई है। शनिवार से सोमवार तक सूरत-नंदुरबार मेमू और सूरत-अमरावती पैसेंजर रद्द रहेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार उधना और चलथान स्टेशन के बीच दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को मुम्बई, वेस्टर्न सर्कल के कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) सुशील चन्द्रा ने मुम्बई मंडल रेल प्रबंधक मुकुल जैन तथा सूरत स्टेशन डायरेक्टर सी. आर. गरूड़ा के साथ नए ट्रेक का निरीक्षण किया था। सर्टिफिकेट मिलने के बाद उधना-चलथान स्टेशन के बीच २५, २६, २७ फरवरी को नॉन इंटरलॉकिंग कार्य करने के लिए ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान ग्यारह ट्रेन उधना स्टेशन पर रविवार, सोमवार और मंगलवार को नहीं ठहरेंगी। इसके अलावा सत्रह ट्रेनों को वाया वसई रोड तथा भेस्तान चलाने की व्यवस्था की गई है। सूरत से रवाना होने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस सूरत से चार घंटे की देरी से दोपहर करीब डेढ़ बजे चलाई जाएगी। जयनगर-उधना एक्सप्रेस को शनिवार को गंगाधरा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट कर उसी स्टेशन से रविवार को उधना-जयनगर एक्सप्रेस बनाकर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा शनिवार, रविवार, सोमवार और मंगलवार को सूरत-नंदुरबार मेमू के रद्द रहने की जानकारी दी गई है। शनिवार को दो ट्रेनों को बारडोली और गंगाधरा में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। रविवार को भुसावल-सूरत एक्सप्रेस तथा सूरत-भुसावल पैसेंजर को बारडोली स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनट कर चलाने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को भी भुसावल-सूरत पैसेंजर और सूरत-भुसावल पैसेंजर का संचालन बारडोली स्टेशन से किया जाएगा।
उधना नहीं ठहरेंगी यह गाडिय़ां
१९०३३ वलसाड-अहमदाबाद गुजरात क्वीन एक्सप्रेस, ५९४४१ मुम्बई-अहमदाबाद पैसेंजर (रवि, सोम , मंगल), ५९०४९ वलसाड-विरमगाम पैसेंजर, ६९१४९ विरार-भरुच मेमू, ६९१४१ संजान-सूरत मेमू, ६९१३९ विरार-सूरत मेमू, १९२१५ मुम्बई सेंट्रल-अहमदाबाद सौराष्ट्र एक्सप्रेस, ६९१५१ वलसाड-सूरत मेमू, ५९४३९ मुम्बई सेंट्रल-अहमदाबाद पैसेंजर, १२९२१ मुम्बई सेंट्रल-सूरत फ्लाइंग रानी, ५९०३७ विरार-सूरत पैसेंजर (रवि, सोम)।
१७ ट्रेन वाया भेस्तान, वसई रोड
२२९१३ बान्द्रा टर्मिनस-पटना हमसफर एक्सप्रेस वाया चलथान (रवि), २२९७१ बान्द्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस वाया भेस्तान (सोम), १२६५५ अहमदाबाद-चैन्नई नवजीवन एक्सप्रेस, १७६२४ बीकानेर-नांदेड एक्सप्रेस, २२१३८ अहमदाबाद-नागपुर एक्सप्रेस, २२९३७ राजकोट-रीवा एक्सप्रेस, १२८३४ हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, १२६५६ चैन्नई-अहमदाबाद नवजीवन एक्सप्रेस, २२६६३ चैन्नई-जोधपुर एक्सप्रेस (रवि), १२८३३ अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस, १२६५५ अहमदाबाद-चैन्नई नवजीवन एक्सप्रेस, १७०३८ बीकानेर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, १२८४४ अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस, १२८४३ पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस, १२८३४ हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, १२६५६ चैन्नई-अहमदाबाद नवजीवन एक्सप्रेस, १२९०६ हावड़ा-पोरबंदर एक्सप्रेस (सोम)।
बसें चलाने के लिए लिखा पत्र
उधना-चलथान स्टेशन के बीच नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान ट्रेनों के परिचालन में फेरबदल किया गया है। यात्रियों की तकलीफ को ध्यान में रखते हुए गुजरात स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन को शनिवार, रविवार, सोमवार को उधना से चलथान (बारडोली) के बीच अतिरिक्त बसें चलाने के लिए पत्र लिखा है।
सी.आर. गरूड़ा, स्टेशन डायरेक्टर, सूरत