
सूरत. शहर में बढ़ती क्राइम रेट पर अंकुश लगाने में नाकाम पुलिस को राज्य के पुलिस महानिदेशक ने रात्रि गश्त पर जोर देने के लिए कहा है। शहर पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा ने हर थाने के 30 फीसदी स्टाफ को रोज अनिवार्य रूप से रात्रि गश्त लगाने का आदेश दिया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पिछले कुछ समय से शहर में हत्या, लूट और चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं। खासतौर पर पांडेसरा, उधना, लिंबायत, डिंडोली, सचिन जीआइडीसी और खटोदरा थाना क्षेत्रों में क्राइम रेट बढ़ी है। पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने क्राइम रेट पर काबू पाने के लिए आदेश जारी किया है। इसी के तहत शहर के सभी थाना प्राभारियों को रात्रि गश्त कड़ी करने का आदेश दिया गया है। थाने के 30 फीसदी स्टाफ को अनिवार्य रूप से रात्रि गश्त में जोडऩे के लिए कहा गया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पांडेसरा, सचिन और डिंडोली थाना क्षेत्रों के कुछ हिस्से ऐसे हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं है। बीते दिनों इन्हीं क्षेत्रों से महिलाओं और बच्चों के हत्या किए शव मिलने के बाद इन क्षेत्रों में नजर रखने के लिए थानों में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। पेट्रोलिंग वैन में भी बढ़ोतरी की गई है। गश्त के दौरान पीएसआइ स्तर के अधिकारियों को मौजूद रहने का आदेश दिया गया है।
सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ेगी
पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। इसके लिए पांडेसरा जीआइडीसी के मिल मालिकों के एसोसिएशन के सहयोग से योजना बनाई गई है। पांडेसरा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाना शुरू कर दिया गया है। डिंडोली, सचिन जीआइडीसी और लिंबायत क्षेत्रों में भी सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के लिए योजना बनाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है वराछा पुलिस
सूरत. पुलिस के भारी बंदोबस्त के बीच शनिवार रात वराछा क्षेत्र में हुई लूट के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की खोज में जुटी हुई है। हीरा बाग सर्किल से सभी दिशाओं में जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मामले की जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक एम.पी. पटेल ने बताया कि चारों लुटेरे २५-३० साल के थे। रात करीब पौने आठ बजे वह हीराबाग सर्किल के निकट गुरुकृपा कॉम्प्लेक्स मेंं तीसरी मंजिल पर रमेश घेवरिया के कारखाने में घुसे। उस वक्त रमेश, प्रबंधक करमशी, रत्न कलाकार विजय और किशोर कारखाने में मौजूद थे। लुटेरों ने चाकू हवा में लहराते हुए सारा कीमती सामान उनके हवाले करने को कहा। उन्होंने करमशी से एक लाख रुपए के हीरे और दस हजार रुपए नकद लूट लिए। करमशी ने विरोध किया तो उस पर चाकू से हमला किया गया। उन्होंने चारों के मोबाइल फोन भी ले लिए। लूट के बाद उन्होंने कारखाने का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गए। रमेश और उसके कर्मचारियों ने मदद के लिए शोर मचाया तो आस-पास के व्यापारियों ने कारखाने का दरवाजा खोला। उन्होंने करमशी को निजी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हीरा बाग विट्ठलनगर सोसायटी निवासी रमेश की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर कॉम्पलेक्स की सीढ़ी में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज जुटाए।