
सूरत. एसओजी पुलिस द्वारा १६९ ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ी गई महिला को लिम्बायत पुलिस ने बुधवार शाम अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
हालांकि प्राथमिक पूछताछ में पुलिस उसके ड्रग्स नेटवर्क को नहीं भेद पाई है। पुलिस उप निरीक्षक एस.एम. देसाई ने बताया कि मीठीखाड़ी इस्लामी चौक निवासी नसीम बानू (50) विधवा है।
उसके बारे में एसओजी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह गुप्त रूप से मेथा एम्फेटामाइन (एमडी) की अवैध रूप से बिक्री करती है। वह इसकी एक-दो ग्राम की छोटी-छोटी पुडिय़ा बना कर बेचती है। मंगलवार रात एसओजी ने उसके घर पर छापा मारा।
तलाशी में १६९ ग्राम ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ४ लाख २२ हजार ५०० रुपए बताई गई है। ड्रग्स जब्त कर एसओजी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ लिम्बायत थाने में मामला दर्ज करवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि वह ड्रग्स कहां से लाती थी और कहां सप्लाई करती थी, इस बारे में पूछताछ जारी है। वह पहले भी ड्रग्स रखने के मामले में पकड़ी गई थी। २००३ में नशाबंदी विभाग ने उसे ड्रग्स के साथ पकड़ा था। उस मामले की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
भागते हुए दूसरी मंजिल से गिरने से चोर घायल
सूरत. महिधरपुरा क्षेत्र में दूसरी मंजिल से गिरकर घायल हुए एक चोर को स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि युवक चोरी करने गया था। परिवार के लोग जाग गए तो उसने भागते हुए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।
पुलिस के अनुसार पालिया ग्राउंड निवासी सोहेल कादरी (२२) को मंगलवार रात महिधरपुरा थाना क्षेत्र के एक मकान की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उसने बताया कि पांच जने मारने के लिए उसके पीछे दौड़े थे। बचने के लिए वह एक मकान में चढ़ गया और भागने के दौरान गिर पड़ा। महिधरपुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।