सूरत

बैलों की लड़ाई में वृद्धा की मौत के बाद नपा आई हरकत में

11 पशुओं को पकडा, अहमदाबाद से बुलाई जाएगी विशेष टीम

3 min read
Mar 05, 2018

नवसारी. नवसारी नपा के पास सब्जी मंडी में रविवार शाम आवारा घूमने वाले दो बैलों की लड़ाई की चपेट में आकर वृद्धा की मौत के बाद नपा हरकत में आई है। घटना को ध्यान में रखकर सोमवार सुबह बैठक हुई और उसके बाद तत्काल भटकने वाले मवेशियों को पकडऩे की कार्रवाई शुरु कर दी गई। जिसके अंतर्गत नपा माइनर विभाग ने 11 मवेशियों को पकड़ा है। नपा के अनुसार मवेशियों को पकडऩे के लिए अहमदाबाद से भी विशेष टीम बुलाने पर विचार हो रहा है। इसके अलावा जल्द ही नपा पशुपालकों का सर्वे भी करेगी। मवेशियों को इस तरह छोड़ देने वाले पशुपालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर भी सहमति बन चुकी है।

सड़कों व रास्तों पर अवारा मवेशियों की समस्या बरसों से है। सब्जी मंडी मंडी समेत भीड़ वाले विस्तारो में इनकी संख्या अधिक रहती है और अक्सर कई दुर्घटनाओं कारण भी मवेशी बनते रहे हंै। रविवार की शाम मुख्य सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने आई सरोज कंसारा(72) बैलों की लड़ाई के दौरान जख्मी हो गई थी। जब तक उन्हें उपचार मिलता उससे पहले ही मौत हो गई थी। इसके अलावा दशेरा टेकरी निवासी भरत पटेल के पैर में फ्रैक्टर होने पर उसका उपचार चल रहा है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नपा ने सोमवार को बैठक की और पशुओं को पकडऩे की कार्रवाई शुरु करते हुए अहमदाबाद से टीम बुलाने की जानकारी दी। इस दौरान दस कर्मचारियों की टीम ने तीघरा और लुन्सीकुई विस्तार से आवारा मवेशियों को पकडऩे की शरुआत की और 11 पशओं को पकड़कर खडसूपा स्थित भगवान महावीर पांजरापोल भेज दिया।

ये भी पढ़ें

डभलाई में तालाब को कब्जे से करवाया मुक्त

पशुपालकों पर जुर्माना नहीं, होगी एफआईआर

नपा ने इस घटना को देखते हुए कहा है कि आवारा मवेशियों के पकड़े जाने पर उनके मालिकों से जुर्माना नहीं लिया जाएगा, बल्कि सीधे एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। गत वर्ष भी नपा ने 70 से 80 पशु पकड़े थे। जिसमें 15 को उनके पालक एक हजार रुपए का जुर्माना व शपथपत्र भरकर छुडा ले गए थे। बाकियों को पांजरापोल भेज दिया गया था। इससे पहले भी समय समय पर इस समस्या के खिलाफ कलक्टर व सूरत रेन्ज आईजीपी को लोकदरबार में शिकायत की जा चुकी है।

घटना से दु:ख है

सब्जी मंडी में घटी यह घटना दु:खद है। इसे गंभीरता से लेकर बैठके के बाद माइन विभाग को पशुओं को पकडने की सूचना दी गई है। वहीं पशुपालकों से 2000 रुपए दंड के तौर पर वसूलने का निर्णय भी लिया गया है। हादसे में घायल के उपचार का खर्च पालिका उठाएगी। वृद्धा के परिजनों को मुआवजा देने पर भी विचार किया जाएगा।
अल्का देसाई, अध्यक्ष, नवसारी नपा

टीम को बुलाने की तैयारी

11 आवारा पशुओं को पकड़ा गया है। अहमदाबाद से विशेष टीम बुलाने की तैयारी है जो पशुओं को पकडऩे में माहिर है। इसके अलावा पशुपालकों के सर्वे पर भी चर्चा हुई है। दोषी पाए जाने पर एफआईआर भी होगी।
रमेश जोशी, सीओ नवसारी नपा

उदासीन रहे शासक व अधिकारी

नपा में आवारा मवेशियों की समस्या कई बार उठाई मगर शासक पक्ष और अधिकारी उदासीन बने रहे। गत वर्ष इस समस्या के समाधान के लिए दस लाख रुपए आवंटित किए गए , मगर योजना कागजों पर सिमट गई। इस बार भी नपा कोई ठोस कमद उठाएगी, ऐसा नहीं लगता।
पियुष ढीम्मर, विपक्षी पार्षद, नवसारी नगर पालिका

सबक ले पालिका

आवारा पशुओं की समस्या को लेकर राजनीतिक दलों व सामाजिक संस्थाओं ने नपा व कलक्टर को कई बार ज्ञापन दिए। मगर किसी ने ठोस कदम नहीं उठाया। शासकों की उदासीनता के कारण ही बुजुर्ग महिला को जान गंवानी पड़ी। नपा इस घटना से सबक ले और आवारा पशुओं की समस्या से लोगों को छुुटकारा दिलाए।
दीपक बारोट, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस

नपा है जिम्मेदार

इस घटना के लिए नपा के शासक व अधिकारी जिम्मेदार हैं। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं मृतकके परिजनों को दस लाख व घायलों को पांच लाख का मुआवजा देना चाहिए।
कनु सुखडिया, वकील, नवसारी

ये भी पढ़ें

देश की हिफाजत के साथ लेफ्टिनेट कर्नल दे रहे जल संरक्षण का संदेश
Published on:
05 Mar 2018 09:26 pm
Also Read
View All